एनसीआर में 39 लेवल क्रॉसिंग पर लगाए गए स्लाइडिंग बूम Prayagraj News
जीएम ने कहा कि बूम टूटने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गहन विश्लेषण किया जाना चाहिए। सड़क से निकलने वालों के लिए नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाएं। इस पर नियंत्रण करने से गाडिय़ां भी समय पर चलेंगी। इस वर्ष 39 लेवल क्रॉसिंग पर स्लाइडिंग बूम लगाए गए।
प्रयागराज, जेएनएन। महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने उत्तर मध्य रेलवे पर सुरक्षा, परिसंपत्ति विश्वसनीयता, समयपालनता, लोडिंग, राजस्व और व्यय नियंत्रण को लेकर समीक्षा की। लेवल क्रॉसिंग पर बूम टूटने के मामले में की जाने वाली कार्रवाई पर चर्चा की गई।
बूम टूटने की घटनाओं पर अंकुश लगाने को विश्लेषण
जीएम ने कहा कि बूम टूटने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गहन विश्लेषण किया जाना चाहिए। सड़क से निकलने वालों के लिए नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाएं। इस पर नियंत्रण करने से गाडिय़ां भी समय पर चलेंगी। इस वित्तीय वर्ष में 39 लेवल क्रॉसिंग पर स्लाइडिंग बूम लगाए गए हैं। गतिशीलता सुधार कार्यों का समय पर पूरा करना उत्तर मध्य रेलवे पर एक महत्वपूर्ण फोकस क्षेत्र रहा है। महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर अरुण कुमार और प्रयागराज के मंडल रेल प्रबंधक मोहित चंद्रा के मार्गदर्शन में एनसीआर की परियोजना इकाई और प्रयागराज मंडल ने कांसपुर गुगौली-मलवां स्टेशनों के बीच 7.5 किलोमीटर खंड में स्वचालित सिग्नलिंग चालू की है। इसका असर गाडिय़ों के संचालन पर भी दिखा है। अब गाडिय़ां समय पर चल रही हैं।
मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर परियोजना भोलेंद्र सिंह ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में अब तक छह ब्लॉक खंडों में कुल 39 किलोमीटर स्वचालित सिग्नलिंग की स्थापना की जा चुकी है। मार्च 2021 तक पूरे कानपुर-फतेहपुर खंड में स्वचालित सिग्नलिंग चालू करने की योजना है। इस बैठक में उत्तर मध्य रेलवे के एजीएम रंजन यादव भी शामिल हुए।