प्रयागराज में गंगा नदी पर छह लेन का पुल जल्द होगा तैयार, आज शुभारंभ, आवाजाही होगी आसान
नए छह लेन पुल निर्माण के कार्य शुभारंभ के लिए मलाक हरहर गांव में दिन भर विभाग के अधिकारी और कार्यकर्ता जुटे रहे। गुरुवार सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता और विभाग के अधिकारी यहां पहुंच कर स्थल का जायजा लिए। देर शाम तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं।
प्रयागराज, जेएनएन। मलाक हरहर से स्टेनली रोड के बीच नए छह लेन पुल के निर्माण कार्य का वर्चुअल शुभारंभ गुरुवार को होगा। इसे लेकर प्रयागराज वासियों में खुशी की लहर है। फाफामऊ में गंगा नदी पर बने पुल के समानांतर नए छह लेन सेतु का निर्माण होना है। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या निर्माण कार्य का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे। करीब दस किलोमीटर लंबे इस पुल के निर्माण में 1948 करोड़ खर्च होगा। इस पुल के बनने के बाद बड़ी संख्या में लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। लंबे समय से लोग यहां पुल निर्माण की मांग कर रहे थे।
मलाक हरहर गांव में जुटे कार्यकर्ता
नए छह लेन पुल निर्माण के कार्य शुभारंभ के लिए मलाक हरहर गांव में दिन भर विभाग के अधिकारी और कार्यकर्ता जुटे रहे। गुरुवार सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता और विभाग के अधिकारी यहां पहुंच कर स्थल का जायजा लिए। देर शाम तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। दोपहर दो बजे कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।
सलोरी आरओबी का निर्माण जल्द
प्रयागराज वासियों को एक और रेलवे ओवर ब्रिज की सौगात मिल गई है। सलोरी रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) निर्माण को लेकर कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए 53 करोड़ का बजट पास हुआ है। तेलियरगंज मजार से बड़ा बघाड़ा सलोरी रोड को जोडऩे के लिए साढे सात सौ मीटर लंबे आरओबी निर्माण का प्रस्ताव था। बुधवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने अपने ट्विटर हैंडल पर सलोरी आरओबी निर्माण को लेकर कैबिनेट से मंजूरी मिलने की जानकारी दी। इस पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद का अभार जताया।