ढाबे से ही पवन की लोकेशन ट्रेस कर रहे थे शूटर
भाजपा पार्षद पवन केसरी के कत्ल की तफ्तीश में पुलिस जुटी है। पुलिस को अहम सुराग मिला है। ढाबे से ही पवन की लोकेशन शूटर ट्रेस कर रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में मिले कुछ संदिग्ध की पुलिस को तलाश है। अनुमान है कि कातिलों की उम्र 20 से 25 साल थी।
जासं, इलाहाबाद : भाजपा पार्षद पवन केसरी के कत्ल की तफ्तीश में जुटी पुलिस को अहम सुराग मिला है। पता चला है कि कुछ शातिर बदमाश पवन की लोकेशन इफको के करीब स्थित वेदांता ढाबा से ही कर रहे थे। उनके रास्ते और मूवमेंट की जानकारी एक मुखबिर दे रहा था। पुलिस ने ढाबे में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। कहा जा रहा है कि फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखे हैं, जिनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस को यह भी पता चला है कि शूटरों की उम्र करीब 20 से 25 साल है। एक शर्ट तो दूसरा टीशर्ट में था और दोनों जींस भी पहने थे। माना गया है कि शूटरों को बड़ी रकम देकर बुलाया गया था। ऐसे में पुलिस का पूरा जोर शूटरों की ही गिरफ्तारी पर है। उनके पकड़े जाने पर ही सुपारी देने वाले का नाम सामने आएगा। ढाबा के अलावा पुलिस ने लोचनगंज में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में लेकर जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही शूटरों को भी ट्रेस कर लिया जाएगा। उनके कई करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ढाबा संचालक विशाल सिंह से भी घटना के बारे में जानकारी लेने के बाद कई घंटे तक पूछताछ की। हालांकि एफआइआर में भले ही सियासी रंजिश में कत्ल की वजह बताई जा रही हो, लेकिन पुलिस दूसरे बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
.....
बिजली कर्मी की पिटाई पर हुआ था झगड़ा -
भाजपा नेता आलोक गुप्ता ने पुलिस को बताया कि कत्ल से तीन दिन पहले पावर हाउस पर संविदा कर्मी मूलचंद्र को आरोपित परवेज ने पीटा था। तब मामले को लेकर पवन और परवेज के बीच कहासुनी हुई थी। यह भी कहा जा रहा है कि फूलचंद्र ने घटना की लिखित शिकायत थाने पर दी थी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
....
मायके आई थी उर्मिला, गई ससुराल -
हत्याकांड के दौरान हुई फाय¨रग में गोली से जख्मी होने वाली महिला उर्मिला फूलपुर कस्बा में अपने मायके आई थी। करीब पांच दिन पहले ही वह अपने पिता बेहल के घर आई थी। यहां उसके भाई की लड़की का थवना था। मंगलवार रात जब वह अपने मकान के बाहर चारपाई पर लेटी थी, तभी उसके पैर में गोली लगी थी। फिलहाल स्वरूपरानी अस्पताल में इलाज के बाद वह अपने ससुराल सैदाबाद के ढोकरी गांव चली गई। इससे पहले उससे भी पूछताछ की गई।
....