Allahabad Central University में जल्द दूर होगा वरिष्ठता का विवाद, 591 पदों पर कर्मचारियों की भर्ती के लिए विज्ञापन जल्द
इविवि में गैर शैक्षणिक पदों के लिए स्वीकृत कुल 1389 में तकरीबन 798 कर्मचारी कार्यरत हैं। इस लिहाज से तकरीबन 591 पद रिक्त हैं। इससे इविवि के तमाम कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारी भर्ती से पहले प्रोन्नत करने की प्रक्रिया आवश्यक थी।
प्रयागराज,जेएनएन। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (इविवि) में जल्द ही मिनीस्टीरियल एंड टेक्निकल कैडर के कर्मचारियों का वरिष्ठता विवाद जल्द ही खत्म हो जाएगा। इविवि प्रशासन ने कर्मचारियों को प्रोन्नत करते हुए चार बार में टेंटटिव वरिष्ठता सूची जारी कर आपत्ति मांगी है। फिर इस पर अंतिम मुहर लगेगी। इसी के साथ कर्मचारी भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने के आसार जताए जा रहे हैं।
वरिष्ठता सूची पर अंतिम मुहर लगने के बाद कर्मचारी भर्ती के आसार
इविवि में गैर शैक्षणिक पदों के लिए स्वीकृत कुल 1,389 में तकरीबन 798 कर्मचारी कार्यरत हैं। इस लिहाज से तकरीबन 591 पद रिक्त हैं। इससे इविवि के तमाम कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारी भर्ती से पहले प्रोन्नत करने की प्रक्रिया आवश्यक थी। प्रोन्नत और वरिष्ठता निर्धारण के लिए विधि विभाग की डॉ. सोनल शंकर के अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई। कमेटी में हिंदी विभाग की प्रो. चंदा देवी और असिस्टेंट रजिस्ट्रार राजीव गुप्ता को लाइजनिंग अफसर बनाया गया। रिटायर्ड प्रोफेसर मनमोहन कृष्णा और प्रो. राकेश खन्ना को विशेष आमंत्रित सदस्य और असिस्टेंट रजिस्ट्रार केशव किशोर उपाध्याय को कन्वीनर नियुक्त किया गया है। जबकि, विधि विभाग के डॉ. हरिबंश सिंह को कमेटी का सदस्य बनाया गया।
कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर 23 वर्ष बाद कर्मचारियों को दिया गया प्रमोशन
कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर 23 वर्ष बाद कर्मचारियों का प्रमोशन दिया गया। साथ ही वरिष्ठता निर्धारण की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई। अब तक वरिष्ठता की चार सूची भी जारी कर दी गई हैं। फिर कर्मचारियों से आपत्ति मांगी गई। आपत्ति के निस्तारण के बाद कर्मचारी भर्ती का रास्ता साफ हो जाएगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही इविवि प्रशासन रोस्टर तैयार कर भर्ती की कवायद शुरू कर देगा।
वरिष्ठता निर्धारण की चल रही प्रक्रिया
इविवि के सहायक जनसंपर्क अधिकारी डॉ. चित्तरंजन कुमार ने बताया कि मिनीस्टीरियल एंड टेक्निकल कैडर के कर्मचारियों के वरिष्ठता का निर्धारण करने की प्रक्रिया चल रही है। इस संबंध में कुलसचिव कार्यालय द्वारा अधिसूचना भी जारी की गई है। वरिष्ठता क्रम को लेकर किसी कर्मचारी को कोई आपत्ति हो तो वे तत्काल अपना पक्ष रखें।