आप भी जानें, Congress के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने क्यों कहा- 'झूठ की खेती' करती है भाजपा
अखिल भारतीय कांग्रेस कार्य समिति सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस याद की जाएगी देश की संस्थानों को बनाने के लिए और बीजेपी को लोग बेचूराम के नाम से याद करेंगे। कहा कि प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं सरकार जन समस्याओं की अनदेखा कर रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्य समिति सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा भय के सहारे सत्ता हासिल करने का षडयंत्र रचती है, जिससे लोगों को जागरूक रहने की जरूरत है। प्रमोद तिवारी ने बीजेपी पर झूठ की खेती करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ किसान, नौजवान, व्यापारी, वकील अपने अधिकार के लिए सड़क पर हैं। प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित है लेकिन सरकार जनता की समस्याओं को अनदेखा कर रही है।
प्रमोद तिवारी ने कांग्रेस का क्षेत्रीय कार्यालय का शुभारंभ किया
प्रयागराज में पुराने शहर के रोशनबाग इलाके में कांग्रेस का क्षेत्रीय कार्यालय का शुभारंभ अखिल भारतीय कांग्रेस कार्य समिति सदस्य प्रमोद तिवारी ने फीता काटकर किया। पार्टी नेताओं ने बताया कि भाजपा के हाईटेक कार्यालय से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस शहर के हर क्षेत्र में कार्यालय खोलेगी। क्षेत्रीय कार्यालय में जनता से सीधे संवाद किया जाएगा और उनकी समस्या का निस्तारण होगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने सरकार पर कसा तंज
इस दौरान वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए प्रमोद तिवारी ने सरकार पर तंज कसा। कहा कि कांग्रेस याद की जाएगी देश की संस्थानों को बनाने के लिए और बीजेपी को लोग बेचूराम के नाम से याद करेंगे। इस दौरान पूर्व विधायक विजय प्रकाश, तस्लीम उद्दीन, सुधाकर तिवारी, मुकुंद तिवारी, हसीब अहमद, तलत अज़ीम, राजकुमार शुक्ला, मोहम्मद हसीन, नफीस कुरैशी, अनिल पांडेय, सिब्बतैन बब्लू, इरफानउल हक, अरशद अली, जावेद उर्फी, अब्दुल सलाम, दरख्शां कुरैशी, तुफैल अहमद, मो. जाहिद, मनोज पटेल आदि मौजूद रहे।