Ruckus on Lucknow Highway : रास्ताजाम और पथराव करने में 22 नामजद, 150 अज्ञात पर केस
Ruckus on Lucknow Highway लालगोपालगंज के पास प्रयागराज-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में दो युवकों की मौत पर जमकर बवाल हुआ था। रास्ताजाम कर रहे लोगों ने पुलिस पर पथराव किया था। कुछ पुलिस कर्मी जख्मी हुए थे। पुलिस ने आरोपितों पर केस दर्ज किया है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर लालगोपालगंज में रविवार को सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई थी। आक्रोशित लोेगों ने रास्ताजाम और पुलिस पर पथराव किया था। इसमें कई पुलिस कर्मी जख्मी भी हुए थे। इस मामले में पुलिस ने 22 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। वहीं करीब 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इन सभी को हिरासत में लेने की भी तैयारी है।
ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार दो की मौत पर बवाल हुआ था
बता दें कि रविवार को कठौआ पुल के पास ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार इब्राहिमपुर गांव निवासी मुकेश सरोज पुत्र रामआसरे व अंकित पुत्र अरविंद विश्वकर्मा की मौत हो गई थी। इस हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने बवाल किया था। सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष और युवक सड़क पर उतर गए थे। हाईवे को जाम और पुलिस के बल प्रयोग करने पर पथराव किया था। बाद में पुलिस आंसू गैस के गोले के दागकर किसी तरह आक्रोशित भीड़ पर नियंत्रण पा सकी थी। इस दौरान एक दारोगा समेत तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए थे। कुछ अन्य पुलिस कर्मियों को मामूली चोंटे भी आई थीं। भगदड़ के दौरान ग्रामीण भी चोटिल हो गए थे।
उपद्रवियों पर कार्रवाई करेगी पुलिस
पुलिस ने रास्ताजाम और पथराव के मामले में कार्रवाई करते हुए 22 लोगों को नामजद किया है। साथ ही 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की घटनास्थल से लगभग डेढ़ दर्जन बाइक को बरामद दिया था। पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलों के दस्तावेज और वीडियोग्राफी के जरिए चिन्हित कर उपद्रवियों पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया था
उधर नवाबगंज पुलिस ने इस मामले में पीडि़त परिवार की तहरीर पर ट्रक चालक के विरुद्ध भी केस दर्ज किया है। ट्रक को मौके से ही पकड़ लिया गया था। हालांकि चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया था। उसे हिरासत में लेने के लिए भी पुलिस प्रयास कर रही है। ट्रक सीतापुर से चीनी लादकर प्रयागराज जा रहा था।
पुलिसिया कार्रवाई से ग्रामीणों में दहशत
सड़क हादसे के बाद रास्ताजाम, पथराव और बाइकों को घटनास्थल से उठाए जाने के बाद पुलिस कर्मियों के घायल होने की सूचना पर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस हिरासत में ली गई बाइकों को छुड़ाने के लिए ग्रामीण लगातार प्रयास करते रहे लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बाइकों को सीज करते हुए पुलिस नंबर के आधार पर लोगों की शिनाख्त कर रही है।