Meeting of RSS : आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पहुंचे प्रयागराज, सीएम योगी आदित्यनाथ भी शाम को आएंगे
प्रयागराज के गौहनिया में होने वाली दो दिवसीय बैठक में शामिल होने के लिए अन्य पदाधिकारी आ रहे हैं। वह दिन में ही प्रयागराज पहुंच जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रविवार की शाम आ रहे हैं। लखनऊ में हुए आयोजन में भी संघ प्रमुख से मिलने मुख्यमंत्री पहुचे थे।
प्रयागराज, जेएनएन। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की राष्ट्रीय कार्यकारी मंडल (पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र) की प्रयागराज में दो दिनी बैठक गौहनिया में रविवार से होगी। इस बैठक में शामिल होने के लिए शनिवार की रात आरएसएस के सर संघ चालक मोहन भागवत प्रयागराज पहुंच गए। नई दिल्ली डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस स्पेशल से वह रात 11.05 बजे प्रयागराज जंक्शन पर पहुंचे। इसके अलावा, सर कार्यवाह सुरेश भैया जी जोशी व सह सर कार्यवाह डॉक्टर कृष्ण गोपाल का प्रयागराज में आगमन हो चुका है। सीएम योगी आदित्यनाथ भी रविवार शाम प्रयागराज आएंगे। वह सीधे गौहनिया में तैयार किए गए हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। हेलीपैड को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
गौहनिया में होने वाली दो दिवसीय बैठक में शामिल होने के लिए अन्य पदाधिकारी आ रहे हैं। ये सभी भी रविवार दिन में प्रयागराज पहुंच जाएंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी आने की संभावना जताई जा रही थी जो शनिवार शाम तय हो गई। इसके पहले लखनऊ में हुए आयोजन में भी संघ प्रमुख से मिलने मुख्यमंत्री योगी पहुंचे थे। 2019 में आयोजित शाखा कुंभ में भी जब संघ प्रमुख आये थे तो मुख्यमंत्री भी उनसे मिलने आए थे। यही वजह है कि फिर कयास लगाया जा रहा था कि मुख्यमंत्री संघ प्रमुख से मिलने प्रयागराज आ सकते हैं।
सर संघ चालक के आने का प्रोटोकॉल स्थानीय प्रशासन को पहले ही मिल चुका था लेकिन सुरक्षा कारणों से गोपनीयता बरती जा रही थी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का प्रोटोकॉल शाम को प्रशासन को मिल गया। संघ प्रमुख 23 नवंबर की दोपहर तक प्रयागराज में रहेंगे। सूत्रों के अनुसार कुल आठ सत्र में दो दिनी बैठक हो सकती है। पहले दिन पांच सत्र व दूसरे दिन 3 सत्र हो सकते हैं। आखिरी सत्र में ही संघ प्रमुख का मुख्य संदेश जारी होगा। उससे पहले पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा के साथ ही उन्हें नए लक्ष्य दिए जाएंगे।