Agricultural Farm on Roof : हाईटेक युग ही तो है..छत को बनाया कृषि फार्म, अब उगा रहे सब्जियां
कौशांबी के सिराथू में रहने वाले शिक्षक ने हाईटेक खेती करके अपने घर की छत पर सब्जी उगाते हैं। इन सब्जियों की बिक्री से वह मुनाफा भी कमा रहे हैं।
कौशांबी, जेएनएन। हाईटेक युग में खेती भी मॉडर्न हो गई है। खेती के तौर-तरीके तो बदले ही हैं अब इसका स्वरूप भी बदल रहा है। यानी यूं कह लें कि अब धरती पर नहीं बल्कि आसमान में कृषि फार्म खुलने लगे हैं। कुछ ऐसा ही कौशांबी जनपद में भी नजर आता है। यहां के एक शख्स ने अपने घर की छत को कृषि फार्म बना लिया है। तरह-तरह की उसमें सब्जी उगाते हैं।
सिराथू तहसील के इस शिक्षक की रंग लाई मेहनत
तकनीकी खेती के लिए सरकार प्रयासरत है। इसके लिए प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है। दूसरी ओर सिराथू तहसील के बेला फतेहपुर निवासी शिक्षक अनिल कुमार भी हैं। उनकी तैनाती गृह जनपद में है। खाली समय में अनिल खेती-किसानी भी करते हैं। वह नए तरीके से खेती कर कुछ करना चाहते थे। ऐसे में उन्होंने यूट्यूब में आधुनिक खेती का तरीके खोजना शुरू कर दिया। दो वर्ष से वह अलग-अलग तरह से खेती करने के तरीकों की जानकारी लेते रहे।
सब्जी की खेती करके हजारों कमा रहे अनिल
करीब छह माह पहले उन्होंने यूट्यूब में लखनऊ के जानकीपुरम निवासी राहुल राज द्रविण का उन्होंने वीडियो देखा। इससे प्रभावित होकर अनिल ने राहुल से संपर्क किया। पहले तो फोन पर ही वार्ता हुई। उनकी बातों से राहुल संतुष्ट हुए तो आधुनिक खेती के लिए जरूरी वस्तुओं की सूची भेज दी। कुछ सामग्री स्थानीय स्तर पर मिल गई, अन्य वस्तुओं को राहुल ने कुरियर से उनके पास भेज दिया। दोनों का साथ रंग लाया और अनिल अपने छत पर 162 फीट के क्षेत्रफल में सब्जियों की खेती कर रहे हैं। इन सब्जियों से हजारों रुपये भी कमा रहे हैं।
जल कृषि तकनीकी से हो रही खेती
इन दिनों लगातार खेती के लिए भूमि कम होती जा रही है, ऐसे में खेती के नए नए तरीके भी शोध के बाद सामने आ रहे हैं। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने बाद यहां के छात्र राहुल राज द्रविण ने पढ़ाई के दौरान किए गए शोध को धरातल पर उतार दिया। उन्होंने भारत फार्मिंग नाम से यूट्यूब चैनल बनाया और आधुनिक खेती के रूप में जल कृषि के बारे में लोगों को बताना शुरू कर दिया। कौशांबी के अनिल ने उनकी तकनीकी देखी ओर उनके सहयोग से खेती छह पर सब्जियां उगा रहे हैं।