रिटायर्ड दारोगा के मकान में था लुटेरों का ठिकाना
शातिर अपराधी उमेश कोल ने फायर किया और उसकी ओर से ईंट-पत्थर चलाकर तीन दारोगा व सिपाही जख्मी कर दिया गया था। लुटेरों का ठिकाना रिटायर्ड दारोगा का घर था।
प्रयागराज, जेएनएन। शातिर बदमाश उमेश कोल का ठिकाना रिटायर्ड दारोगा सूर्यपाल सिंह के मकान में था। उमेश ने करीब 20 दिन पहले यहां दो हजार रुपये में किराए का कमरा लिया था। इसके बाद अपने भाई, साथी व दो महिलाओं के साथ रहता था। इसी साल फरवरी में उमेश जमानत पर जेल से बाहर आया और फिर लूटपाट करने लगा था।
क्या था मामला
बारा थाना क्षेत्र के कुढ़ी गौहानी गांव निवासी उमेश कोल शातिर अपराधी है। शुक्रवार रात वह घूरपुर के जसरा स्थित एक कपड़े की दुकान पर कुछ साथियों के साथ मौजूद था। इसकी जानकारी होने पर बारा थाने के तीन दारोगा व कई सिपाही गिरफ्तारी के लिए पहुंच गए। पुलिस आने की भनक लगते ही उमेश अपने साथियों के साथ वहां से भाग निकला और बादलगंज गांव में राजू के मकान में घुस गया। पीछा करते हुए पहुंची पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर ली। तभी गिरफ्तारी के भय से उमेश फायरिंग करते हुए पीछे के दरवाजे से भागने लगा। दौड़ाने पर उसके साथ रहने वाली महिलाओं व अन्य लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हमले में बारा थाने के दारोगा अर्जुन लाल, दीपक कुमार, गौरव समेत कई सिपाही जख्मी हो गए थे।
उमेश का आपराधिक इतिहास रहा है
करीब दो माह पहले उसने जारी बाजार में फाइनेंस कंपनी के मैनेजर से डेढ़ लाख रुपये लूटे थे। इसके बाद बारा में असलहे के बल पर एक अपाचे बाइक लूटी थी। बारा थाना क्षेत्र में ही लूट के विरोध पर एक युवक को गोली मारी थी। कई घटनाओं में उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही थी। पुलिस उसे पकडऩे के लिए पहुंची थी, लेकिन वह फायरिंग करके भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने उसके कमरे से लूट के पांच मोबाइल, कैमरा, कई एटीएम कार्ड, कारतूस, मैगजीन व एक बाइक बरामद किया है।
पुलिस ने केस दर्ज किया
फिलहाल इस मामले में पुलिस ने रिटायर्ड दारोगा के बेटे राजू, बदमाश उमेश, आकाश, अजय और कई महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि राजू भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। अभियुक्तों की तलाश में घूरपुर और बारा थाने की पुलिस कई ठिकानों पर छापेमारी करती रही, लेकिन कोई पकड़ में नहीं आया। राजू के भाई सहित कई अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है।
बोले एसपी यमुनापार
एसपी यमुनापार दीपेंद्र नाथ चौधरी कहते हैं कि उमेश शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ कई मुकदमे हैं। पुलिस टीम पर हमले में रिटायर्ड दारोगा के बेटे समेत कई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप