Road Accident in Prayagraj: सोहबतियाबाग फ्लाईओवर पर डंपर ने होमगार्ड को कुचला, चली गई जान
झूंसी थाना इलाके का रहने वाला अनिल मिश्रा होमगार्ड था। वह शहर के डफरिन अस्पताल में ड्यूटी करता था। शुक्रवार देर रात वह डफरिन अस्पताल से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। सोहबतियाबाग फ्लाईओवर पर डंपर ने बाइक में टक्कर मारी। हादसे में होमगार्ड की मौत हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज शहर में दारागंज थाना क्षेत्र के सोहबतियाबाग फ्लाईओवर पर शुक्रवार की देर रात हादसा हो गया। तेज गति के डंपर ने बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक सवार होमगार्ड की मौके पर ही मौत हाे गई। वह ड्यूटी करके वापस अपने घर लौट रहा था। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
डफरिन अस्पताल में ड्यूटी कर वापस लौट रहा था अनिल
झूंसी थाना इलाके का रहने वाला अनिल मिश्रा होमगार्ड था। वह शहर के डफरिन अस्पताल में ड्यूटी करता था। शुक्रवार देर रात वह डफरिन अस्पताल से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। सोहबतियाबाग फ्लाईओवर पर अभी वह पहुंचा ही था कि तेज स्पीड में जा रहा डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया। डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मारी। इससे बाइक सवार अनिल सड़क पर गिर गया। उसे रौंदता हुआ डंपर आगे निकल गया। हादसे में अनिल गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
डंपर चालक वहां से भाग चुका था
हादसे के बाद जब तक राहगीर वहां पहुंचते डंपर चालक वहां से भाग चुका था। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक वह घटनास्थल पर पहुंचती उसकी मौत हो चुकी थी। फरार डंपर चालक को पकड़ने का पुलिस ने प्रयास किया। हालांकि अभी तक डंपर चालक पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है।
करंट की चपेट में आकर युवक की मौत
नवाबगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर चांधन पीथीपुर निवासी रमेश कुमार मिश्र उर्फ बबलू करंट की चपेट में आ गया था। उसका इलाज सदर के एक अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान बबलू की शुक्रवार की रात में मौत हो गई। स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।