सास की सीट पर होगा अब बहू का राज Prayagraj News
जिला पंचायत सदस्य वार्ड संख्या 74 के लिए तीन दावेदारों ने नामांकन किया था। मंगलवार को अरुणोदय सिंह और विवेक सिंह ने नाम वापस ले लिया जिससे रिचा सिंह निर्विरोध निर्वाचित हो गईं।
प्रयागराज,जेएनएन। फूलपुर की सांसद केसरी देवी पटेल की जिला पंचायत सदस्य की सीट को उनकी बहू रिचा सिंह ने परिवार के पास बरकरार रखा है। केसरी देवी के सांसद बनने के बाद जिला पंचायत सदस्य की सीट रिक्त हुई थी, जिसके लिए हुए उपचुनाव में रिचा को निर्विरोध चुना गया है।
तीन दावेदारों ने किया था नामांकन, दो ने नाम वापस लिया
मुख्य राजस्व अधिकारी के न्यायालय में 22 व 23 जनवरी को नामांकन हुआ था। जिला पंचायत सदस्य वार्ड संख्या 74 के लिए तीन दावेदारों ने नामांकन किया था। मंगलवार को अरुणोदय सिंह और विवेक सिंह ने नाम वापस ले लिया जिससे रिचा सिंह निर्विरोध निर्वाचित हो गईं। चुनाव अधिकारी व एडीएम नजूल गंगाराम गुप्ता ने मुख्य राजस्व अधिकारी के न्यायालय में उन्हें विजयी होने का प्रमाण पत्र सौंपा।
1996 से इस सीट पर लगातार विजयी हाेती रही हैं केसरी देवी पटेल
शंकरगढ़ इलाके में स्थित इस वार्ड से केसरीदेवी पटेल वर्ष 1996 से लगातार विजयी होती रहीं। वह पांच बार इसी वार्ड से जिला पंचायत सदस्य रहीं। पहली बार वर्ष 1996 में सदस्य बनने के बाद वह जिला पंचायत उपाध्यक्ष बनीं थीं। इसके बाद 1998, 2000, 2007 व 2011 में जिला पंचायत अध्यक्ष बनी थीं। रिचा सिंह एमफॉर्मा करने के बाद पीएचडी कर रही हैैं। उनके पति दीपक पटेल करछना से बसपा के टिकट पर विधायक बने थे। रिचा की जेठानी लक्ष्मी सिंह पत्नी दिनेश सिंह पटेल बगल के वार्ड संख्या 73 से जिला पंचायत की सदस्य हैैं।
उम्र कम होने पर छिनी थी गाढ़ा के प्रधान की कुर्सी
जिले के सात गांवों में प्रधान के पद पर उपचुनाव हो रहे हैैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार तिवारी ने बताया कि होलागढ़ ब्लॉक के बजहा, बहादुरपुर के धरहरा चकिया, कोरांव के गाढ़ा, जसरा के परवेजाबाद, मेजा के भसुंदर खुर्द, मांडा के महुवाकला व उरुवा के अमिलिया कला में प्रधान के पद पर उपचुनाव के लिए नामांकन हुए हैैं। गाढ़ा गांव के प्रधान अरविंद सिंह की उम्र कम थी, जिसके कारण न्यायालय के निर्देश पर उनकी कुर्सी छिन गई थी। परवेजाबाद में प्रधान रहे राजकुमार बिंद की लगभग तीन माह पहले हादसे में मौत हो गई थी। अब उनकी बेटी राधा देवी (26) चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा बहरिया के अभईपुर गांव में क्षेत्र पंचायत सदस्य वार्ड संख्या 126 के लिए नामांकन हुए हैैं। प्रधान और बीडीसी सदस्य के लिए तीन फरवरी को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतगणना पांच फरवरी को होगी।