Republic Day 2022: जानिए कौन हैं प्रयागराज की ये बेटियां जो आज राजपथ पर कर रही कदमताल
Republic Day 2022 दिल्ली में राजपथ पर परेड शामिल हुए इन कैडेट को सेना में अफसर बनने का मौका मिलेगा। एनसीसी के ट्रेनिंग अफसर कर्नल मनीष अरोड़ा ने बताया कि सभी कैडेट पहले से नई दिल्ली पहुंच गए थे। सुबह राजपथ पर होने वाली परेड में यह शामिल हुए
प्रयागराज, जेएनएन। गणतंत्र दिवस के मौके पर आज बुधवार को राजपथ पर संगम नगरी के 11 एनसीसी कैडेट कदमताल कर रहे हैं। कड़ी मेहनत और कई स्तर की परीक्षा पास करने के बाद इन कैडेट को वहां तक पहुंचने का मौका मिला है। इनमें आठ कैडेट राजपथ पर ड्रिल करेंगे तो दाे गर्ल्स कैडेट सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगी। इनके अलावा एक गर्ल कैडेट को बेस्ट कैडेट के रूप में चुना गया है।
इन कैडेट को सेना में अफसर बनने का मिलेगा मौका
गणतंत्र दिवस परेड (आरडी परेड) में शामिल हुए इन सभी कैडेट को सेना में अफसर बनने का मौका मिलेगा। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के ट्रेनिंग अफसर कर्नल मनीष अरोड़ा ने बताया कि सभी कैडेट पहले से नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। सुबह राजपथ पर होने वाली परेड में यह शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि केएस साकेत पीजी कालेज अयोध्या के कैडेट चंदन यादव, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कैडेट अभिषेक कुमार सिंह, सुभाष चंद्र, ईसीसी के गौरव मिश्रा, आशुतोष शर्मा, आरआरपीजी कालेज अमेठी की शालू मिश्रा, श्री महाप्रभु पब्लिक स्कूल की छात्रा आस्था त्रिपाठी और ईसीसी की सविता राय राजपथ पर ड्रिल करेंगी। इनके अलावा जीएपीजी कालेज साया अंबेडकरनगर के प्रसून दुबे और एसएस खन्ना गर्ल्स कालेज की राधिका टंडन राजपथ पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेंगी।
फातिमा को चुना गया बेस्ट कैडेट कटेगरी में
खास बात यह कि ईसीसी की छात्रा किस फातिमा का चयन बेस्ट कैडेट कटेगरी में हुआ है। इस कटेगरी में प्रदेश में केवल इनका ही चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि इन सभी कैडेट को एनसीसी का प्रमाण पत्र मिलेगा, उसके आधार पर उन्हें सेना में अफसर बनने में छूट मिलेगी।