मासूम से दुष्कर्म करने वाले आरोपित को पुलिस ने भेजा जेल
प्रतापगढ़ के कंधई थाने की पुलिस ने मासूम बालिका से दुष्कर्म करने के आरोपी को जेल भेज दिया है। उधर बालिका गंभीर हाल में जिला अस्पताल में भर्ती है।
इलाहाबाद : प्रतापगढ़ जनपद के कंधई थाना क्षेत्र के एक गांव में दो दिन पहले आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोपित को पुलिस ने जेल भेज दिया।
गांव की बच्ची 13 अक्टूबर को शाम घर पर अकेली थी। मौका पाकर गांव का ही राजेश वर्मा पुत्र रामकरन पहुंचा और बिस्किट देने के बहाने से बहला फुसलाकर अपने घर ले गया। वहां बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वहां से भाग निकला। घर पहुंचने पर भाई ने बहन को नहीं देखा तो उसे खोजने निकल पड़ा। राजेश के छप्पर में पहुंचा तो वह बच्ची रोते हुए मिली। पूछने पर उसने राजेश का नाम बताया। हालत गंभीर होने पर बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बच्ची के भाई की तहरीर पर पुलिस ने राजेश वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस लाइन के सई कांप्लेक्स में प्रेस कांफ्रेंस में एसपी देव रंजन वर्मा ने बताया कि कंधई एसओ संजय शर्मा ने रविवार की रात बच्ची से दुष्कर्म के आरोपित राजेश को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे जेल भेज दिया गया। आरोपित राजेश आइटीआइ का छात्र है।
मनचलों ने छात्रा पर कसी फब्तियां, थाने में दी तहरीर :
प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र में मनचले इस कदर बेखौफ हो गए हैं कि उन्हें अब खाकी का भी भय नहीं रह गया है। इससे छात्राओं का कालेज जाना मुश्किल हो गया है। क्षेत्र की एक छात्रा को एक हफ्ते से लिलहा पावर हाउस के पास कुछ मनचले फब्तियां कस रहे थे। इससे छात्रा ने कालेज आना बंद कर दिया। उसने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी तो सोमवार को छात्रा के साथ उसका पिता कालेज जा रहा था। इसी दौरान मचनले उसी जगह मिल गए। छात्रा ने पहचान कराया तो पिता मनचलों के पास पहुंचकर पूछने लगा। इस पर मनचले युवक उनसे भिड़ गए। मामले को बढ़ता देख आसपास के लोग दौड़े, तब तक मनचले भाग निकले। मामले की तहरीर छात्रा के परिजनों ने थाने में दी है। पुलिस ने आरोपितों के घर दबिश दी, लेकिन वे नहीं मिले। एसओ कमलेश कुमार का कहना है कि मामले की तहरीर मिली है,जांच कर कार्रवाई की जाएगी।