5100 दीपों से जगमग हुआ रज्जू भैया नगर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया दीपोत्सव
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की प्रयागराज रज्जू भैया नगर की ओर से प्रयागराज दीपोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर दीपदान के बाद रंगोली प्रतियोगिता हुई। भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। सूबेदार संजीव मिश्रा और तीरथ सिंह की टीम ने यह प्रस्तुति दी।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रयाग दक्षिण के रज्जू भैया नगर की ओर से दीपोत्सव मनाया गया। सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन परिसर में हुए इस आयोजन में 5100 दीप जलाए गए। क्षेत्र की नौ बस्तियों को भी दीपों की रोशनी से जगमग किया गया। इन सभी जगहों पर रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न बस्तियों के लोगों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
रंगोली प्रतियोगिता में केशव बस्ती अव्वल
रंगोली प्रतियोगिता में केशव बस्ती को पहला स्थान हासिल हुआ। जबकि गोविंद बस्ती द्वितीय, विवेकानंद बस्ती तृतीय और अयोध्यापुरी बस्ती को चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ। सांत्वना पुरस्कार आनंदपुरम बस्ती, दुर्गा बस्ती और नंदी बस्ती को मिला। इसी क्रम में आनंदपुरम बस्ती के स्वयंसेवकों ने रंगोली फूलों से बनाई। इसमें भगवा ध्वज को दिखाया गया।
भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अनूठी प्रस्तुति
इस मौके पर भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। सूबेदार संजीव मिश्रा और तीरथ सिंह की टीम ने यह प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता काशी प्रांत के बौद्धिक प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में मानविकी विद्या शाखा के निदेशक डा. सतपाल तिवारी रहे। अध्यक्षता उत्तर मध्य रेलवे के सेवानिवृत्त वरिष्ठ विधि अधिकारी पीयूष त्रिवेदी ने की।
इन लोगों ने आयोजन को सफल बनाया
दीपोत्सव आयोजन में रवि प्रकाश, राजकुमार, भूपेंद्र, अमित, मनीष, नागेंद्र, अम्बरीष, मनीष त्रिपाठी, विजय, नीरज, चंद्रभूषण सिंह, लवकुश सिंह आदि ने सहयोग दिया।