स्वतंत्रता दिवस रेलवे कर्मियों के लिए होगा खास, इनके आवास देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आएंगे
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के पीआरओ डा. अमित मालवीय ने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे आजादी का अमृत महोत्सव मनाएगा। इस दिन एनसीआर के 60 हजार से अधिक रेल कर्मचारी अपने घरों पर तिरंगा फहराएंगे।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। आजादी की 75वीं वर्षगांठ यानी स्वतंत्रता दिवस इस बार खास होगा। विशेष रूप से रेलवे कर्मियों के लिए। पर इस बार रेलवे का कोना कोना देशभक्ति की हिलोर में डूबा दिखेगा। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के 60 हजार रेलकर्मी एक साथ तिरंगा फहराएंगे। रेलवे का जोन मुख्यालय, मंडल मुख्यालय, स्टेशन समेत हर कार्यालय के साथ रेल कर्मियों के आवास देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आएंगे। रेल मंत्रालय के 'हर घर झंडाÓ अभियान में हर रेलकर्मी जुड़ेगा और तिरंगे फहराने के साथ सेल्फी भी लेगा।
गौरव के भागीदार बनेंगे रेलकर्मी : भारत की आजादी के 75वें वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार ने आजादी का अमृत महोत्सव अभियान चलाया है। इसके तहत जहां एनसीआर के 60 हजार रेलकर्मी तिरंगा फहराएंगे, वहीं कुल मिलाकर 13 लाख रेलवे के कर्मचारी अपने घरों में तिरंगा झंडा फहराकर आजादी के पर्व में हिस्सेदार बनेंगे।
क्या है रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर का संदेश, पढ़ें : रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर अवस्थापना सामान्य हरिश्चंद्र की ओर से सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधक, सेंट्रलाइज्ड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, आरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र, आरडीएसओ को पत्र भेजा गया है। पत्र के माध्यम से संदेश दिया गया है कि स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) को अपने आवास पर रेलकर्मी स्वयं तिरंगा फहराएं। रेलकर्मियों से अपने परिचितों को भी इस अभियान का हिस्सा बनाने को कहा गया है।
स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने की तैयारी : उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) डा. अमित मालवीय ने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे आजादी का अमृत महोत्सव मनाएगा। इस दिन एनसीआर के 60 हजार से अधिक रेल कर्मचारी अपने घरों पर तिरंगा फहराएंगे। इसके लिए सभी को जागरूक किया जा रहा है।