Railway News: महिलाएं ट्रेनों में बेफिक्र होकर अकेलें करें सफर, उनकी सहायता को सक्रिय है रेलवे टीम
Railway News महिला ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रयागराज मंडल में मेरी सहेली प्रोजेक्ट के तहत कुल आठ महिला टीमों का गठन किया गया है। इनमें प्रयागराज में तीन कानपुर सेंट्रल में तीन और अलीगढ़ में दो टीमें सक्रिय हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। ट्रेन में महिलाएं अकेले सफर करती हैं तो उन्हें दिक्कत भी आती है। हालांकि रेलवे ने उनकी सहायता के लिए 'मेरी सहेली प्रोजेक्ट' के तहत गठित महिला टीमें महिलाओं की सुरक्षा में तत्पर हैं। कोरोना वायरस संक्रमण काल में भी रेलवे ने महिला यात्रियों को मदद पहुंचाई है। इसके अलावा यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी काम किए गए। अकेले सफर कर रही महिला यात्रियों का विवरण नोट करने के साथ सहायता की।
प्रयागराज मंडल में 'मेरी सहेली प्रोजेक्ट' के तहत आठ टीमें हैं
महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रयागराज मंडल में 'मेरी सहेली प्रोजेक्ट' के तहत कुल आठ महिला टीमों का गठन किया गया है। इनमें प्रयागराज में तीन, कानपुर सेंट्रल में तीन और अलीगढ़ में दो टीमें सक्रिय हैं। 25 अक्टूबर 2020 से 30 जून 2021 तक मेरी सहेली अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल प्रयागराज पोस्ट से 4995 महिला यात्रियों, कानपुर सेंट्रल में 5083 महिला यात्रियों और अलीगढ़ में 1889 महिला यात्रियों सहित कुल 11967 महिला यात्रियों को मदद पहुंचाई है।
डीआरएम ने तिमाही उपलब्धियों पर चर्चा की
डीआरएम कार्यालय में प्रयागराज मंडल के डीआरएम मोहित चंद्रा ने इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही की उपलब्धियों के बारे में चर्चा की। डीआरएम ने बताया कि प्रयागराज मंडल अपने रेलकर्मियों को स्वस्थ वातावरण देने के क्षेत्र में भी निरंतर कार्यरत है। इसके अलावा प्रयागराज मंडल का कुल क्षेत्रफल 3174 ट्रैक किमी है, जिसमें से 2816 ट्रैक किमी विद्युतीकृत है।
विद्युतीकरण पर भी डीआरएम बोले
डीआरएम ने कहा कि शेष रेलखडों पर रेल विद्युतीकरण संगठन, उत्तर मध्य रेलवे की निर्माण इकाई के सहयोग से यह कार्य किया जा रहा है और इस वित्तीय वर्ष के अंत तक लगभग 300 ट्रैक किलोमीटर के विद्युतीकरण का कार्य पूरा किए जाने की उम्मीद है। इसके फलस्वरूप इस वित्तीय वर्ष के अंत तक प्रयागराज मंडल के कुल क्षेत्रफल का 98 ट्रैक किलोमीटर विद्युतीकृत हो जाएगा। इससे हमें कीमती डीजल के आयात को कम करने में मदद मिलेगी।