Protest Against Inflation: प्रयागराज में महंगाई के विरोध में सड़कों पर उतरे सपाई, सरकार को घेरा
Protest Against Inflation राज्य सभा सदस्य कुंवर रेवती रमण सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कहा कि किसान और गरीब के लिए कोई जगह नहीं है। गैस डीजल पेट्रोल के दाम इतने बढ़ गए हैं कि आम आदमी परेशान है।
प्रयागराज, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंहगाई के खिलाफ बुधवार को प्रयागराज की सड़कों पर उतरे। सिविल लाइन के पत्थर गिरजाघर के समीप धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान दाल, सरसों तेल, पेट्रोल, डीजल आदि के बढ़ते हुए दामों के खिलाफ भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजे की गई। महिला कार्यकर्ताओं ने सिलेंडर को लेकर बढ़ते दामों का विरोध किया। रसोई गैस सिलेंडर को लेकर प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि अगर ऐसे ही दामों में बढ़ोतरी होती रही तो जल्द ही चूल्हे का सहारा लेना पड़ेगा। बढते दामों के कारण गरीब की थाली से निवाला कम होता जा रहा।
राज्य सभा सदस्य रेवती रमण सिंह ने सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन की अगुवाई समाजवादी पार्टी के वरिष्ट नेता, पूर्व सांसद व राज्य सभा सदस्य कुंवर रेवती रमण सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कहा कि यह सरकार तानाशाही की सरकार हैै। इसमें किसान और गरीब के लिए कोई जगह नहीं है। जब से भाजपा की सरकार आई है तब से गैस, डीजल, पेट्रोल के दाम इतने बढ़ गए हैं कि आम आदमी को इसे खरीदने में मुश्किलों का समना करना पड़ रहा है। दाल और सरसों का तेल की कीमत दो सौ रुपये तक पहुंच गई है, जो गरीब की पहुंच से बाहर होता जा रहा हैै।
कहा, प्रदेश सरकार लोगों को भ्रमित कर रही है
उन्होंने सरकार से तत्काल बढते दामों को रोकने और इन्हें जीएसटी के दायरे मे लाए जाने को कहा ताकि लोगों को समान उचित मूल्यों पर मिल सके। पूर्व सांसद रेवती रमण सिंह ने कहा कि उज्ज्वला योजना में मुफ्त गैस की बातें करके सरकार लोगों को भ्रमित कर रही हैैं। गैस के दाम बढ़ने से गरीब मजबूरी में चूल्हे पर खाना बना रहें हैैं। विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक हाजी परवेज अहमद, महानगर अध्यक्ष सैय्यद इफ्तेखार हुसैन, महासचिव रवींद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णामूर्ति यादव आदि मौजूद रहे।
सपा सरकार में इतनी महंगाई नहीं थी : हाजी परवेज अहमद
किसान बिल पर हो रहे किसानों के आंदोलन की बात करते हुए हाजी परवेज अहमद ने कहा कि जनता अब अखिलेश यादव सरकार में हुए कामों को याद कर रही हैै। प्रदेश को पहला मेट्रो, एक्सप्रेस हाईवे उनकी उनके सरकार की ही देन है। सपा की सरकार में इतनी महंगाई कभी नहीं रही। कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में सरकार आते ही चीजों के बढ़ते दामों पर रोक लगाई जाएगी।