लीज की बेशकीमती जमीन पर है करोड़ों की संपत्ति Prayagraj News
अधिकतर निर्माण का व्यावसायिक इस्तेमाल हो रहा था। रक्षा संपदा विभाग ने ट्रस्ट के खिलाफ जांच और अन्य कार्रवाई शुरू की तो कई गतिविधियों पर विराम लग गया।
प्रयागराज,जेएनएन। अलोपशंकरी मंदिर के निकट दारागंज के मुख्य मार्ग पर सेना की करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन है। इसी जमीन को सेना ने लोकमान्य तिलक लोक सेवा ट्रस्ट को लीज पर दिया था। इस जमीन पर कई ऐसे निर्माण हैैं, जो अवैध हैं।
मनमानी तरीके से सेना की जमीन का किया उपयोग
रक्षा संपदा विभाग की जांच में सामने आया है कि ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मनमानी तरीके से सेना की जमीन का उपयोग किया। रक्षा संपदा विभाग का कहना है कि ट्रस्ट वाले उनकी जमीन पर अस्पताल खोलकर कमाई कर रहे हैं। इसके अलावा ट्रस्ट के अंदर की जगह को वह विवाह घर की तरह इस्तेमाल करते हैं। उसका भी किराया वसूला जाता था।
जांच शुरू होने पर व्यावसायिक गतिविधियों पर लगा विराम
ट्रस्ट परिसर में 41गुणे 119, 86 गुणे 24, 19 गुणे 19, 35 गुणे 45, पांच गुणे छह और 52 गुणे 63 फिट के निर्माण हैं। इसमें से अधिकतर निर्माण का व्यावसायिक इस्तेमाल हो रहा था। रक्षा संपदा विभाग ने ट्रस्ट के खिलाफ जांच और अन्य कार्रवाई शुरू की तो कई गतिविधियों पर विराम लग गया। वहां पर व्यावसायिक गतिविधियां रोकने के लिए रक्षा संपदा अधिकारी के आदेश से गेट पर आवश्यक सूचना लिखवाई गई। वहां लिखा है कि यहां किसी भी प्रकार के वैवाहिक एवं मांगलिक कार्यक्रम पर पूर्णतया निषेध हैैं। रक्षा संपदा अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि ट्रस्ट का कब्जा हटाकर जमीन खाली कराई जाएगी।