Move to Jagran APP

Allahabad University: प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति नियुक्त

Allahabad University इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विजिटर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव के नाम पर मुहर लगा दी है। पूरब के ऑकसफोर्ड इलाहाबाद विश्वविद्यालय रजिस्ट्रार ने रविवार रात प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव के कुलपति नियुक्त होने की पुष्टि की है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Sun, 29 Nov 2020 10:36 PM (IST)Updated: Mon, 30 Nov 2020 07:43 AM (IST)
Allahabad University: प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति नियुक्त
प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव के कुलपति नियुक्त होने की पुष्टि की है।

प्रयागराज, जेएनएन। प्रोफेसर राजेंद्र सिंह रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय, प्रयागराज की कुलपति प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव को इलाहाबाद विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव के पति जस्टिस विक्रमनाथ गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश हैं।

loksabha election banner

इलाहाबाद विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने के बाद प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव पहली महिला कुलपति तथा तीसरी स्थाई कुलपति हैं। राज्यपाल और प्रदेश के विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आंनदी बेन पटेल की तरफ से जारी आदेश पर उन्हेंं रविवार को रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति के पद कार्यमुक्त भी कर दिया गया। यहां का प्रभार उत्तर प्रदेश राजॢष टण्डन मुक्त विवि के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह को सौंपा गया है। दोनों कुलपति सोमवार को पदभार भी ग्रहण कर लेंगे। रविवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विजिटर, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव के नाम पर मुहर लगा दी है। पूरब के ऑकसफोर्ड इलाहाबाद विश्वविद्यालय रजिस्ट्रार ने रविवार रात प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव के कुलपति नियुक्त होने की पुष्टि की है। बीते करीब 11 महीने से स्थाई कुलपति का इंतजार कर रहे इलाहाबाद विश्वविद्यालय का सूखा समाप्त हो गया। प्रोफेसर रतनलाल हांगलू ने बीते 31 दिसंबर को अपने पद से इस्तीफा देने के बाद कुलपति का पद खाली चल रहा था। कार्यवाहक कुलपति के रूप में आरआर तिवारी कामकाज देख रहे थे।

अब तक तीन स्थायी कुलपति मिले

इलाहाबाद विश्वविद्यालय को वर्ष 2005 में केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा मिला। तब से इलाहाबाद विश्वविद्यालय को तीन स्थायी कुलपति मिले। पहले कुलपति प्रो. राजन हर्षे फिर प्रो. एके सिंह और इसके बाद प्रो. रतन लाल हांगलू थे। अब प्रो. संगीता श्रीवास्तव को चौथा स्थायी कुलपति नियुक्त किया गया है।

राज्यपाल ने कार्यमुक्त का जारी किया आदेश

सूबे की राज्यपाल और कुलाधिपति आंनदी बेन पटेल की तरफ से उन्हेंं विवि से कार्यमुक्त करने का आदेश भी जारी कर दिया गया। कुलाधिपति के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक राज्य विश्वविद्यालय में कुलपति का पद रिक्त हो जाएगा। वर्तमान में विवि में नियमित कुलपति की नियुक्ति तत्काल किया जाना सम्भव नहीं है। ऐसे में उत्तर प्रदेश राज्य विवि अधिनियम-1973 की धारा-12 (10) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए मुक्त विवि के कुलपति प्रो. केएन सिंह को पद के दायित्व के निर्वहन के लिए नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक अथवा अग्रिम आदेश तक राज्य विवि का कुलपति नियुक्त किया गया है। 

1989 में लेक्चरर के पद पर किया था ज्वाइन

प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 1989 में लेक्चरर के पद पर गृह विज्ञान विभाग में ज्वाइन किया था। उस वक्त गृह विज्ञान विभाग बायोकेमेस्ट्री विभाग का एक हिस्सा था। उनके प्रयास से 2002 में गृह विज्ञान विभाग को नया भवन मिल गया। प्रो. संगीता श्रीवास्तव तब से गृह विज्ञान की विभागाध्यक्ष थीं। उन्हीं के प्रयास से बीते वर्ष विभाग को आठ नए शिक्षक भी मिल गए। उन्होंने इंटर तक की पढ़ाई प्रयागराज के सेंट मेरीज कॉन्वेंंट से की। इसके बाद एग्रीकल्चर इंस्टीट्यूट, नैनी से बीएससी और जबलपुर विश्वविद्यालय से एमएससी की पढ़ाई की। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्रो. पीसी गुप्ता के निर्देशन में पीएचडी किया। 25 जून 2018 को उन्हेंं राज्य विश्वविद्यालय में तीन वर्ष के लिए कुलपति नियुक्त किया गया था। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ल ने बताया कि कुलपति सोमवार को पदभार ग्रहण कर लेंगीं।  

इविवि में संभाली कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने इविवि में अपने 30 वर्ष के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली। वह इविवि प्रवेश समिति की चेयरपर्सन, महिला उत्पीडऩ के खिलाफ गठित सी-कैश की अध्यक्ष के साथ एकेडमिक कौंसिल, एग्जीक्यूटिव कौंसिल समेत कई कमेटियों की सदस्य और पूर्व में भी कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।

कुलपति बनने वाली इविवि की 12वीं शिक्षक

प्रो. संगीत श्रीवास्तव इलाहाबाद विश्वविद्यालय की 12वीं शिक्षक हैं, जिन्हेंं किसी विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया गया है। इसके साथ ही इविवि की महिला शिक्षक के तौर पर वह दूसरी कुलपति हैं। इससे पूर्व मनोविज्ञान विभाग के प्रो. जनक पांडेय को बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, संगीत विभाग की प्रो. स्वतंत्र शर्मा को मध्य प्रदेश के राजा मानसिंह तोमर विश्वविद्यालय, भौतिक विज्ञान विभाग के प्रो. अविनाश चंद्र पांडेय को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी, कॉमर्स विभाग के प्रो. पीयूष रंजन अगवाल को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, बायोटेक्नोलॉजी विभाग के प्रो. डीके गुप्ता को जय प्रकाश विश्वविद्यालय झारखंड, राजनीति विज्ञान के प्रो. एमपी दुबे को उत्तर प्रदेश राजॢष टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. जीसी त्रिपाठी को बीएचयू का कुलपति बनाया गया था, जबकि वर्तमान में भौतिक विभाग के प्रो. राजाराम यादव वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय और केमेस्ट्री विभाग के प्रो. आरकेपी सिंह शकुंतला मिश्रा दिव्यांग विश्वविद्यालय लखनऊ और प्रो. एसके नाहर को ग्वालियर संगीत विवि के कुलपति हैं। 

छात्र नेताओं ने किया स्वागत

पूर्व अध्यक्ष इलाहाबाद विश्वविद्यालय डॉ ऋचा सिंह सिंह ने कहा कि कुलपति महोदया की प्रथम वरियता होनी चाहिये कि विश्वविद्यालय की अकादमिक एवं प्रशासनिक स्थिति को बेहतर करते हुए पूरब के ऑक्सफोर्ड की गरिमा वापस लायी जाये, इसके लिए जो भी सहयोग होगा उसके लिये हम सदैव तैयार हैं। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.