Move to Jagran APP

प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव बनीं इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पहली महिला कुलपति

राज्यपाल और प्रदेश के विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आंनदी बेन पटेल की तरफ से जारी आदेश पर उन्हें रविवार को विवि से कार्यमुक्त भी कर दिया गया। यहां का प्रभार उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विवि के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह को सौंपा गया है।

By Ankur TripathiEdited By: Published: Sun, 29 Nov 2020 10:41 PM (IST)Updated: Sun, 29 Nov 2020 10:41 PM (IST)
प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव बनीं इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पहली महिला कुलपति
प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव को इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (इविवि) का स्थायी कुलपति नियुक्त कर दिया गया।

प्रयागराज, जेएनएन। प्रोफेसर  राजेन्द्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय की कुलपति रहीं प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव को इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (इविवि) का स्थायी कुलपति नियुक्त कर दिया गया। वह इविवि की तीसरी स्थायी और पहली महिला कुलपति नियुक्त की गई हैं। राज्यपाल और प्रदेश के विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आंनदी बेन पटेल की तरफ से जारी आदेश पर उन्हें रविवार को विवि से कार्यमुक्त भी कर दिया गया। यहां का प्रभार उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विवि के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह को सौंपा गया है। दोनों कुलपति सोमवार को पदभार भी ग्रहण कर लेंगे। 

loksabha election banner

1989 में लेक्चरर के पद पर किया था ज्वाइन

प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने वर्ष 1989 में लेक्चरर के पद पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय में गृह विज्ञान विभाग में ज्वाइन किया था। उस वक्त गृह विज्ञान विभाग बायोकेमेस्ट्री विभाग का एक हिस्सा था। उनके प्रयास से वर्ष 2002 में गृह विज्ञान विभाग को नया भवन मिल गया। प्रो. संगीता श्रीवास्तव तब से गृह विज्ञान की विभागाध्यक्ष थीं। उन्हीं के प्रयास से पिछले साल विभाग को आठ नए शिक्षक भी मिल गए। उन्होंने इंटर तक की पढ़ाई प्रयागराज के सेंट मेरीज कॉन्वेंट से की। इसके बाद एग्रीकल्चर इंस्टीट्यूट, नैनी से बीएससी और जबलपुर विश्वविद्यालय से एमएससी की पढ़ाई की। फिर इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्रो. पीसी गुप्ता के निर्देशन में पीएचडी किया। 25 जून 2018 को उन्हें राज्य विवि में तीन वर्ष के लिए कुलपति नियुक्त किया गया था। इविवि के रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ल ने बताया कि कुलपति सोमवार को पदभार ग्रहण कर लेंगीं। वहीं, इलाहाबाद विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (आटा) के अध्यक्ष प्रो. राम सेवक दुबे ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

राज्यपाल ने कार्यमुक्त का जारी किया आदेश

सूबे की राज्यपाल और कुलाधिपति आंनदी बेन पटेल की तरफ से उन्हें विवि से कार्यमुक्त करने का आदेश भी जारी कर दिया गया। कुलाधिपति के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक राज्य विवि में कुलपति का पद रिक्त हो जाएगा। वर्तमान में विवि में नियमित कुलपति की नियुक्ति तत्काल किया जाना सम्भव नहीं है। ऐसे में उत्तर प्रदेश राज्य विवि अधिनियम-1973 की धारा-12 (10) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए मुक्त विवि के कुलपति प्रो. केएन सिंह को पद के दायित्व के निर्वहन के लिए नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक अथवा अग्रिम आदेश तक राज्य विवि का कुलपति नियुक्त किया गया है। 

इविवि में संभाली कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने इविवि में अपने 30 साल के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली। वह इविवि प्रवेश समिति की चेयरपर्सन, महिला उत्पीड़न के खिलाफ गठित सी-कैश की अध्यक्ष के साथ एकेडमिक कौंसिल, एग्जीक्यूटिव कौंसिल समेत कई कमेटियों की सदस्य और पूर्व में भी कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।

 

कुलपति बनने वाली इविवि की 12वीं शिक्षक

प्रो. संगीत श्रीवास्तव इविवि की 12वीं शिक्षक हैं, जिन्हें किसी विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया गया है। साथ ही इविवि की महिला शिक्षक के तौर पर वह दूसरी कुलपति हैं। इससे पूर्व मनोविज्ञान विभाग के प्रो. जनक पांडेय को बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, संगीत विभाग की प्रो. स्वतंत्र शर्मा को मध्य प्रदेश के राजा मानसिंह तोमर विश्वविद्यालय, भौतिक विज्ञान विभाग के प्रो. अविनाश चंद्र पांडेय को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी, कॉमर्स विभाग के प्रो. पीयूष रंजन अगवाल को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, बायोटेक्नोलॉजी विभाग के प्रो. डीके गुप्ता को जय प्रकाश विश्वविद्यालय झारखंड, राजनीति विज्ञान के प्रो. एमपी दुबे को उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. जीसी त्रिपाठी को बीएचयू का कुलपति बनाया गया था, जबकि वर्तमान में भौतिक विभाग के प्रो. राजाराम यादव वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय और केमेस्ट्री विभाग के प्रो. आरकेपी सिंह शकुंतला मिश्रा दिव्यांग विश्वविद्यालय लखनऊ और प्रो. एसके नाहर को ग्वालियर संगीत विवि के कुलपति हैं। 

 

अब तक तीन स्थायी कुलपति मिले

वर्ष 2005 में इविवि को केंद्रीय विवि का दर्जा मिला। तब से इविवि को तीन स्थायी कुलपति मिले। पहले कुलपति प्रो. राजन हर्षे फिर प्रो. एके सिंह और इसके बाद प्रो. रतन लाल हांगलू थे। अब प्रो. संगीता श्रीवास्तव को चौथा स्थायी कुलपति नियुक्त किया गया है।

छात्र नेताओं ने किया स्वागत

पूर्व अध्यक्ष इलाहाबाद विश्वविद्यालय डॉ ऋचा सिंह सिंह ने कहा कि कुलपति महोदया की प्रथम वरियता होनी चाहिये कि विश्वविद्यालय की अकादमिक एवं प्रशासनिक स्थिति को बेहतर करते हुए पूरब के ऑक्सफोर्ड की गरिमा वापस लायी जाये, इसके लिए जो भी सहयोग होगा उसके लिये हम सदैव तैयार हैं। 

कुलपति मैडम को बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.