एसआरएन अस्पताल में मरीजों ने प्रमुख सचिव से कहा-जांच, दवा बाहर से लाते हैं Prayagraj News
प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डॉ. रजनीश दुबे प्रयागराज दौरे पर पहुंचे। एसआरएन अस्पताल में निरीक्षण के दौरान मरीजों ने उनसे अव्यवस्था की शिकायत की।
प्रयागराज, जेएनएन। स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा रजनीश दुबे ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड में भर्ती मरीजों व तीमारदारों ने शिकायत की। यहां व्याप्त अव्यवस्था को बताया। कहा कि एसआरएन अस्पताल में जांच से लेकर दवा तक की व्यवस्था बाहर से कराई जाती है। इससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है। इस पर प्रमुख सचिव ने मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर एसपी सिंह समेत तमाम अधिकारियों को इसं संज्ञान में लेने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि यहां आने वाले मरीजों और तीमारदारों को कोई तकलीफ नहीं होनी चाहिए।
जिले के नोडल अधिकारी भी हैं प्रमुख सचिव
जिले के नोडल अधिकारी व प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डॉ. रजनीश दुबे गुरुवार को प्रयागराज पहुंचे। अब वह निरीक्षण के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में पहुंचे। उनका भव्य स्वागत किया गया। प्रमुख सचिव के आगमन को लेकर अस्पताल की व्यवस्था पहले ही चुस्त और दुरुस्त कर दी गई थी। जगह-जगह डस्टबिन, पेयजल आदि की व्यवस्था कर दी गई है। नोडल अफसर शासन की प्राथमिकताओं एवं विकास कार्यक्रमों का उच्च स्तरीय अनुश्रवण करेंगे। वहीं कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद प्रमुख सचिव बहादुरपुर ब्लाक के कटियारी चकिया गांव का निरीक्षण करने गए।
एसआरएन में निरीक्षण के दौरान मातहतों को निर्देश
प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डॉ. रजनीश दुबे गुरुवार को सुबह नौचंदी एक्सप्रेस से प्रयागराज पहुंचे। वहां से सर्किट हाउस पहुंचे। करीब 12 बजे वह मेडिकल कॉलेज निरीक्षण के लिए पहुंचे। अब वह एसआरएन परिसर का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान वह अधिकारियों को निर्देशित भी कर रहे हैं। इसके बाद पीएमएसएसवाई परियोजना का भी प्रमुख सचिव निरीक्षण करेंगे। अस्पताल प्रशासन को प्रमुख सचिव के आने की भनक एक सप्ताह पूर्व ही लग गई थी। इसके बाद से एसआरएन को संवारने की कवायद शुरू हो गई थी। वार्ड में सफाई की गई। डॉक्टरों और सभी कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि कोई अवकाश पर नहीं रहेगा। आम दिनों परिसर में खुलेआम घूमने वाले प्राइवेट एंबुलेंस के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इसके अलावा दलालों को भी दो दिन परिसर से दूर रहने को निर्देश दिया गया है। यही नहीं प्रवेश द्वार के पास लगी दुकानों को भी हटवाने का निर्देश दिया गया है। वहीं बुधवार की देर रात तक सब व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने के लिए तैयारी होती रही।
प्रमुख सचिव एक गांव का निरीक्षण व कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे
जिले के नोडल अधिकारी व प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डॉ. रजनीश दुबे गुरुवार को ही एक गांव का निरीक्षण भी करेंगे। वहीं कानून व्यवस्था की समीक्षा भी करेंगे। फिर एक गांव का निरीक्षण करेंगे।
प्रमुख सचिव के कल का कार्यक्रम
मुख्य विकास अधिकारी प्रेम रंजन सिंह के अनुसार प्रमुख सचिव आठ नवंबर यानी शुक्रवार की सुबह 9:30 बजे पत्रकार वार्ता करेंगे। उसके बाद सरकिट हाउस में विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक करेंगे। दोपहर दो बजे कार्यालय का निरीक्षण और तीन बजे किसी एक मलिन बस्ती व द्वितीय परियोजना को देखेंगे।