Prayagraj Weather Update: फिर बदला मौसम, तेज धूप ने बढ़ाई उमस, बारिश की भी संभावना
Prayagraj Weather Update इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. शैलेंद्र राय का कहना है कि उमस बढऩे पर बारिश होने की संभावना बढ़ जाती है। मौसम विभाग के अनुसार 21 सितंबर तक बारिश हो सकती है। ऐसे में अचानक मौसम बदलेगा और बारिश होगी।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। चार दिन तक बादलों की धमक के बाद शनिवार से प्रयागराज में मौसम साफ हो गया है। शनिवार को दिन भर तेज धूप निकलने के बाद रविवार को भी सूरज देवता सुबह से ही अपने रौब में दिखाई दे रहे हैं। तेज धूप निकलने के कारण उमस बढ़ गई है। आसमान में बादल बहुत कम नजर आ रहे हैं। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान बढऩे पर बारिश होने की पूरी संभावना है। दिन भर बादलों की लुकाछिपी भी चलती रहेगी।
पिछले दिनों बारिश ने दी थी उमस से राहत
मंगलवार से प्रयागराज में बारिश हो रही थी। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिल गई थी। हालांकि मोहल्लों में जलभराव होने के कारण लोगों की परेशानी भी बढ़ गई थी। घर में पानी घुस जाने के कारण गृहस्थी का सामान खराब हो गया था। शनिवार से मौसम खुल गया है। रविवार की सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। इसके कारण अधिकतम तापमान बढ़ गया है।
आज अधिकतम तापमान में वृद्धि
रविवार को अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस 33 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को बढ़कर 34.2 डिग्री पर पहुंच गया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री था, जो शनिवार को घटकर 25.7 डिग्री पर आ गया था। रविवार को सुबह जिस तरफ धूप निकली है, इससे तापमान 35 डिग्री से ऊपर जा सकता है। इसमें दो डिग्री की बढ़ोतरी होने पर बारिश होना तय है।
मौसम विज्ञानी बोले- उसम बढ़ी तो बारिश की संभावना
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. शैलेंद्र राय का कहना है कि उमस बढऩे पर बारिश होने की संभावना बढ़ जाती है। मौसम विभाग के अनुसार 21 सितंबर तक बारिश हो सकती है। ऐसे में अचानक मौसम बदलेगा और बारिश होगी।
सब्जियों में लग सकता है रोग
पिछले दिनों लगातार बारिश होने पर सब्जियों में भी रोग लग सकता है। क्योंकि खेतों में अधिक पानी होने के कारण सब्जियों की पत्ती पीली पड़ गई है। जिले में कई स्थानों पर धान की फसल भी गिर गई है। इससे धान की पैदावार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।