बर्फीली हवा से कांप रहे लोग, जानें अगले कुछ दिनों में प्रयागराज में कैसा रहेगा मौसम
Prayagraj Weather Update प्रयागराज में पिछले कई दिनों से लगातार शीतलहर के साथ ठंड का प्रकोप जारी है। आज भी धूप तो खिली है लेकिन ठंड से लोग कंपकंपा रहे हैं। वहीं मौसम विभाग ने भी पूर्वानुमान जताया है कि अब ठंड और बढ़ेगी।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। सुबह आसमान में हल्का कोहरा छाया था। शीतलहर शरीर को बेध रही थी। आलम यह था कि गर्म कपड़ों के बाद भी शरीर में कंपकंपी हो रही है। कुछ ऐसा ही गुरुवार को प्रयागराज में सुबह रहा। गलन पीछा नहीं छोड़ रही है। इस समय धूप भी निकली है फिर भी ठंड से लोग कांप रहे हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ेगी। आइए जानें प्रयागराज के मौसम का हाल।
मौसम की मार से आम जन प्रभावित
प्रयागराज के न्यूनतम तापमान में मंगलवार की अपेक्षा बुधवार को 4.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़त दर्ज की गई। वहीं बुधवार को भी कुछ बढ़ी लेकिन इसके बाद भी गलन कम नहीं हुआ। बुधवार की दोपहर में निकली गुनगुनी धूप को भी बर्फीली हवाओं ने कांपने पर मजबूर कर दिया। सुबह और शाम को रजाई से लिपटे लोग भी ठिठुरे रहे। सड़कों पर जो लोग निकले उनके हाथ-पांव सुन्न पड़ गए। हवाएं शरीर में चुभती रहीं। वहीं गुरुवार की सुबह से भी मौसम की मार से लाेग परेशान रहे।
मौसम विज्ञानी का अनुमान- गलन भरी ठंड बढ़ेगी
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान सुबह 11 बजे तक का 14.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार व बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 12.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानी डाक्टर शैलेंद्र राय ने बताया कि अभी गलन लोगों को और सताएगी।