Prayagraj Weather News: आसमान पर बादल छाए हैं, अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार
Prayagraj Weather News इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. शैलेंद्र राय का कहना है कि अगले तीन दिन तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश की भी संभावना उन्होंने जताई है। रविवार को आसमान में बादल तो हैं लेकिन उमस भी बरकरार है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। अभी दो दिन पूर्व घने बादलों ने झमाझम बारिश करके उमस से राहत दी थी। उसके बाद फिर मौसम तल्ख हो गया था। शनिवार की सुबह भी बूंदाबांदी हुई लेकिन फिर आसमान साफ होने से सूर्य की तल्ख किरणें परेशान करने लगी थीं। रविवार को आसमान पर फिर बादल छा गए। हालांकि सूर्य की किरणें भी तेज रहीं। यानी सूर्य और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल भी चल रहा है और उमस बरकरार है।
बादलों और सूर्य में लुकाछिपी
अचानक हुए बदलाव के बीच सूरज और बादलों में कड़ी स्पर्धा चल रही है। शनिवार को सुबह बारिश हुई थी, उसके बाद से मौसम का रुख कड़ा हो गया है। रविवार सुबह आसमान साफ था और तेज धूप निकली हुई थी। कुछ ही घंटों में जहां-तहां आसमान में बादल दिखाई भी दिए। मौसम विभाग के अनुसार तीन दिन तक बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना भी है। हालांकि लगातार बारिश नहीं होगी।
आज का जानें तापमान
पूरे उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलने पर प्रयागराज में भी इंद्रदेवता का रूप बदल गया। शनिवार को कुल 2.1 मिलीमीटर बारिश हुई थी। आइए प्रयागराज के तापमान पर एक नजर डालें। रविवार को अधिकतम तापमान
32.4 डिग्री सेल्सियस था। वहीं रविवार को न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। आज का न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार काे अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विज्ञानी का मौसम पूर्वानुमान
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. शैलेंद्र राय का कहना है कि अगले तीन दिन तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश की भी संभावना उन्होंने जताई है।
बारिश से जलभराव की समस्या बरकरार
पिछले दिनों की बारिश से जलभराव की समस्या अभी भी बरकरार है। शहर के चौराहों पर भी पानी भर गया था। इसके कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई थी। आरटीओ कार्यालय में पानी भर गया था तो वहां पूरा कामकाज ठप हो गया था। इसके कारण जो लोग कागजी काम के लिए कार्यालय आए थे, उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा था। एआरटीओ प्रशासन सियाराम वर्मा ने बताया था कि वह शीघ्र ही नगर निगम के अधिकारियों से मिलेेंगे। आरटीओ कार्यालय के पीछे से निकले वाले नाले की नियमित सफाई और उसकी चौड़ाई बढ़ाने को लेकर बातचीत करेंगे।