जान लें अगले 24 घंटे में प्रयागराज का मौसम कैसा रहेगा, चार दिनों के बाद आज थमी है बारिश
प्रयागराज में मौसम पिछले कुछ दिनों से बदला हुआ है। प्रशांत महासागर से शुरू हुई बारिश वाली हवाएं (पश्चिमी विक्षोभ) अफगानिस्तान पाकिस्तान से होते हुए उत्तर भारत में मुसीबत बनी हुई है। एक के बाद एक लगातार पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसलिए बारिश लगातार हो रही है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज का मौसम पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं है। पिछले चार दिनों से लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश आज सोमवार की सुबह बंद हो चुकी है। हालांकि आसमान पर घने बादल छाए हैं। अगर अगले 24 घंटे के मौसम का हाल जानें तो अभी बारिश से राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने कल यानी मंगलवार को भी बारिश की संभावना जताई है। फिलहाल गलन भरी ठंड से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है
पिछले चार दिनों से बारिश के चलते माघ मेला की तैयारी पर भी बड़ा असर पड़ा है। यहां पर गंगा तीरे तंबुओं की नगरी बसनी है लेकिन बारिश के चलते टेंट नहीं लग पा रहा है। मेला प्रशासन ने भी भले ही आधे से अधिक संस्थाओं को सुविधा पर्ची जारी कर दी लेकिन संस्था वाले काम नहीं करवा पा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग, जल निगम, बिजली, स्वास्थ्य और सिंचाई विभाग आदि काम प्रभवित है। मेला के अलावा शहर से लेकर गांव तक जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। साथ ही ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ से हो रही है बारिश
प्रशांत महासागर से शुरू हुई बारिश वाली हवाएं (पश्चिमी विक्षोभ) अफगानिस्तान, पाकिस्तान से होते हुए उत्तर भारत में मुसीबत बनी हुई है। एक के बाद एक लगातार पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसलिए बारिश लगातार हो रही है। पूस के महीने से ऐसी बारिश बहुत कम होती है। हालांकि इस बार लगातार हो रही है। चार दिनो में 63 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। रविवार की सुबह से शाम तक 9.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
जानें, आज का क्या तापमान है
प्रयागराज में सोमवार को न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले कई दिनों से सूर्य के दर्शन नहीं होने से कड़ाके की ठंड से लोग परेशान हैं।
बादल हटे तो बढ़ेगी ठंड
प्रयागराज में हवा का जोर है और घटा छाई हुई है। फिलहाल सुबह से बारिश रुकी हुई है। पुरवा हवा चलने से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात के प्रभाव से 14 जनवरी तक मौसम में इसी प्रकार का उतार-चढ़ाव बना रहेगा हवा के प्रभाव से यदि बादल हटे तो कड़ाके की ठंड पड़ेगी। दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है।