Prayagraj Violence: क्या बवाल के फरार उपद्रवी मुंबई, दिल्ली और पंजाब भागे थे, पुलिस ले रही टोह
Prayagraj Violence अटाला में हुए बवाल के नामजद आरोपितों में एआइएमआइएम के जिलाध्यक्ष शाह आलम पार्षद फजल खां समेत अन्य फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगी हैं। करीबियों रिश्तेदारों के यहां दबिश दी जा चुकी है। बावजूद इसके इनके बारे में कोई पता नहीं चल पाया है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। 10 जून को जुमे की नमाज के बाद प्रयागराज के अटाला इलाके में जमकर बवाल हुआ था। बवाल के मामले में फरार उपद्रवियों का पता पुलिस को नहीं चल पा रहा है। हर संभावित स्थानों पर दबिश देने के बाद भी सफलता नहीं मिल सकी है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि फरार उपद्रवियों ने दूसरे राज्यों में शरण ले रखी है। ऐसे में इनके करीबियों पर नजर रखी जा रही है।
एआइएमआइएम जिलाध्यक्ष व पार्षद भी फरार हैं : अटाला में हुए बवाल के नामजद आरोपितों में एआइएमआइएम के जिलाध्यक्ष शाह आलम, पार्षद फजल खां समेत अन्य फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगी हैं। करीबियों, रिश्तेदारों के यहां दबिश दी जा चुकी है। बावजूद इसके इनके बारे में कोई पता नहीं चल पाया है। फरार उपद्रवियों ने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर रखा है, जिस कारण उसकी लोकेशन भी ट्रेस नहीं हो पा रही है।
फरार आरोपितों के करीबियों की जानकारी जुटा रही पुलिस : पुलिस को यह जानकारी मिली है कि फरार उपद्रवियों में अधिकांश के करीब दिल्ली, मुंबई और पंजाब में रहते हैं। ऐसे में आशंका है कि इन सभी ने गिरफ्तारी के डर से वहां शरण ले रखी है। वह किसी न किसी माध्यम से यहां रहने वाले अपने खास करीबियों से बातचीत कर रहे होंगे। इसलिए गोपनीय तरीके से पुलिस इन खास करीबियों के बारे में जानकारी एकत्र कर उन सभी की निगरानी कर रही है।
क्या कहते हैं इंस्पेक्टर खुल्दाबाद : इंस्पेक्टर खुल्दाबाद अनुराग शर्मा का कहना है कि उपद्रवियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। आसपास के जनपदों की पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। इनमें से कई के करीबी दूसरे राज्यों में रहते हैं, इसलिए इस बारे में भी जानकारी एकत्र की जा रही है।
घर छोड़कर भागा है परिवार : फरार उपद्रवियों में अधिकांश के घरवाले गायब हैं। पुलिस को इनकी भी तलाश है। इनके पकड़े जाने के बाद फरार उपद्रवियों पर जहां दबाव बनेगा, वहीं पुलिस को उनके ठिकानों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है। साथ ही यह पता चल जाएगा कि वह इस समय किस मोबाइल नंबर का उपयोग कर रहे हैं।