बीए छात्रा से हैवानियत में कई संदिग्ध हिरासत में, प्रयागराज पुलिस पहेली सुलझाने में नाकाम, गुस्से में लोग
बीए छात्रा कत्ल की गुत्थी न सुलझने से पीड़ित परिवार और परेशान हो गया है। गुरुवार को कर्नलगंज थाने पर मौजूद पिता ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या करने आरोप लगाया। यह भी कहा कि पुलिस अब तक की जांच से कुछ पता नहीं लगा सकी है
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। ईश्वर शरण डिग्री कालेज की छात्रा की नृशंस हत्या आखिर किसने और क्यों की। वह प्रेमी है या फिर कोई और। पुलिस अब तक इसका पता नहीं लगा सकी है। सनसनीखेज वारदात की गुत्थी न सुलझने से पीड़ित परिवार और परेशान हो गया है। गुरुवार को कर्नलगंज थाने पर मौजूद पिता ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या करने आरोप लगाया। यह भी कहा कि पुलिस अब तक की जांच से कुछ पता नहीं लगा सकी है। कभी पांच तो कभी तीन युवकों को पकड़ने की बात कह रही है, इससे बेटी को न्याय मिलने में देरी हो रही है। उधर, पुलिस ने प्रेमी के साथ पकड़े गए युवक के एक दोस्त को भी पूछताछ के लिए उठाया है। उससे घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है। इस बीच सलोरी में गुरुवार देर शाम कैंडल मार्च निकालकर साथी छात्रों ने मृतका को न्याय की मांग की। लोगों में पुलिस की नाकामी के चलते भारी गुस्सा है।
गायब होने के बाद से प्रेमी हिरासत में लेकिन गुत्थी नहीं सुलझी
इस हत्याकांड में चौंकाने वाली बात यह है कि छात्रा के अगवा होने के दूसरे ही दिन से पुलिस कथित प्रेमी अमन को हिरासत में रखे हुए है। मगर वारदात में उसकी कैसी और किस तरह से भूमिका है, यह भी साफ नहीं कर पाई है। महज इस आधार पर उसे संदिग्ध माना जा रहा है कि जब वह जंगल की ओर गया था मारपीट की घटना के बाद अपने कमरे पर चला गया था। लेकिन उसने घटना के बारे में पुलिस का नहीं बताया था। पुलिस का दावा है कि अमन के मोबाइल की जांच से पता चला है कि वह लड़की पर संदेह करता था, जिसके साक्ष्य वाट्सएप चैट पर मिले हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर वारदात को किसने अंजाम दिया। पिछले 22 जनवरी को छात्रा अमन के साथ बघाड़ा में जंगल की ओर गई थी। इसके बाद वापस नहीं लौटी थी। तीसरे दिन उसकी लाश उसी जंगल के कुएं में मिली थी। अमन ने बताया था कि विवाद होने पर कुछ लोग छात्रा को जंगल की ओर खींच ले गए थे। स्वजनों ने अमन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
छात्रा को न्याय के लिए सलोरी में निकाला कैंडल मार्च
प्रयागराज : सलोरी में छात्रा की हत्या के बाद न्याय दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार को साथियों ने कैंडल मार्च निकाला। पंकज पांडेय की अगुवाई में शुक्ला मार्केट से ईश्वर शरण गेट तक मार्च निकाला गया। यहां छात्रों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा कांग्रेस नेता संयज तिवारी की अगुवाई में प्रतापपुर विधानसभा के चौका नेदुला बाजार और वृंदावन गांव के बाजार के व्यापारी भी एकजुट हुए। संजयने कहा कि जल्द से जल्द अन्य अपराधियों को जो इस कांड में शामिल थे, उनको गिरफ्तार किया जाए और उन पर रासुका तामील किया जाए। साथ ही परिवार को मुआवजा दिया जाए। इस दौरान कमलेश पांडेय, अंकुर पांडेय, आदर्श प्रजापति, सत्यम तिवारी, राजेश सरोज, संतोष दुबे आदि मौजूद रहे।
रूममेट ने किया गुमराह -
छात्रा के साथ रहने वाली रूममेट ने घटना को लेकर गुमराह किया। छात्रा के पिता ने बताया जब उन्होंने फोन किया तो कभी छत पर होने और कभी सामान लेने के लिए बाहर जाने की बात कही। मगर जब वह परेशान होकर फोन किए तो तीसरी बार की बातचीत में बताया कि उनकी बेटी रात से नहीं आई
पुलिस कप्तान का है यह कहना
एफएसएल की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर केस को आगे बढ़ाया जाएगा। सभी बिंदुओं पर छानबीन चल रही है। जल्द ही केस का अनावरण कर दिया जाएगा।
- अजय कुमार, एसएसपी