Prayagraj Municipal Corporation: नगर निकाय के दरियाबाद में उप चुनाव की मतगणना 6 मई को होगी, 27.4 फीसद हुआ था मतदान
नगर निगम सीमा में दरियाबाद वार्ड के सभासद एहतेशाम का कुछ महीने पहले निधन हो गया था। इसलिए यहां पर उप चुनाव कराया गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी दिनेश तिवारी ने बताया कि मतों की गणना छह मई को तहसील सदर में सुबह आठ बजे से होगी।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज नगर निगम क्षेत्र के दरियाबाद में नगर निकाय का मंगलवार को उप चुनाव हुआ था। उप चुनाव में 27.4 फीसद मतदान हुआ। सुबह सात से शाम छह बजे तक इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से मतदान कराया गया। मतदान के बाद मतपेटियां तहसील सदर में रखवा दी गई हैं। वोटों की गिनती यानी मतगणना छह मई को होगी।
मतदान के प्रति लोगों का कम दिखा रुझान
नगर निगम सीमा में दरियाबाद वार्ड के सभासद एहतेशाम का कुछ महीने पहले निधन हो गया था। इसलिए यहां पर उप चुनाव कराया गया। इस सीट के लिए साथ प्रत्याशियों ने पर्चे भरे थे। इस वार्ड में 12000 से अधिक वोटर है। हालांकि मतदान के प्रति वोटरों का रुझान कम दिखा।
सबसे अधिक मतदान बूथ नंबर तीन पर 41.6 फीसद हुआ
मतदान के लिए दरियाबाद के तीन स्कूलों में नौ पोलिंग बूथ बनाए गए थे। इसमें सबसे अधिक मतदान बूथ नंबर तीन पर 41.6 फीसद हुआ है। जबकि सबसे कम बूथ नंबर चार पर 18.1 फीसद रहा। अन्य बूथों पर 20 से 30 फीसद के बीच रहा। मतदान करने बहुत कम लोग निकले। शाम तक कुल 27.4 फीसद ही मतदान हुआ।
बोले, सहायक निर्वाचन अधिकारी
सहायक निर्वाचन अधिकारी दिनेश तिवारी ने बताया कि मतों की गणना छह मई को तहसील सदर में सुबह आठ बजे से होगी।