Prayagraj Municipal Corporation : निगम प्रशासन ने स्टेनली रोड पर निरुपमा कॉलोनी में कराई गई सफाई और पेड़ों की छटाई
Prayagraj Municipal Corporation प्रयागराज में निरूपमा कॉलोनी की दुर्दशा की खबर दैनिक जागरण में प्रकाशित होने के बाद निगम ने साफ-सफाई कराई। पार्क और कॉलोनी में उग आए बड़े-बड़े पेड़ों की भी छटाई कराई गई। हालांकि टहनियों को अभी वहीं छोड़ दिया गया है।
प्रयागराज, जेएनएन। स्टेनली रोड से सटी निरुपमा कॉलोनी की सफाई और पेड़ों की छटाई नगर निगम की ओर से कराई गई। कॉलोनी के पार्क के सुंदरीकरण के लिए भी प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। बजट स्वीकृत होने पर पार्क का सुंदरीकरण भी निगम कराएगा। करीब तीन दशक पहले बसाई गई इस कॉलोनी की स्थिति बेहद खराब होने की खबर पिछले दिनों दैनिक जागरण में प्रकाशित होने के बाद निगम प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
करीब 0.65 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बसी इस कॉलोनी के निर्माण की स्वीकृति इलाहाबाद विकास प्राधिकरण अब प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने 28 अक्टूबर 1990 को दी थी। निर्माण तिथि किए करीब 1 साल बाद 31 अक्टूबर 1991 को कॉलोनी का निर्माण पूरा हो गया था। करीब 200 करोड़ रुपये की प्रस्तावित लागत से निर्मित इस कॉलोनी में एलआइजी और एमआईजी के 45 फ्लैट बनाए गए थे। इसमें 16 फ्लैट वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों के लिए खरीदे गए थे बाकी फ्लैटों का आवंटन आमजन को किया गया था।
दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित हुई तो सक्रिय हुआ निगम प्रशासन
प्राधिकरण की ओर से इस कॉलोनी का ट्रांसफर कई सालों पहले नगर निगम को कर दिया गया था। हालांकि नगर निगम की ओर से कॉलोनी में न तो पार्क का सुंदरीकरण कराया गया और न ही सड़कें बनवाई गईं। साफ सफाई की समय व्यवस्था न होने से कॉलोनी में जगह-जगह गंदगी का ढेर भी लगा था। कॉलोनी की दुर्दशा की खबर दैनिक जागरण में प्रकाशित होने के बाद वहां पर निगम की ओर से साफ सफाई कराई गई। पार्क और कॉलोनी में उग आए बड़े-बड़े पेड़ों की भी छटाई कराई गई। हालांकि टहनियों को अभी वहीं छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों को आने जाने में भी असुविधा हो रही है।
बोले, नगर निगम के अधिशासी अभियंता
नगर निगम के अधिशासी अभियंता आशीष त्रिवेदी कहते हैं कि कोट-कॉलोनी की साफ-सफाई के साथ पेड़ों की छटाई करा दी गई है। पार्क के सुंदरीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। बजट स्वीकृत होने पर पार्क का सुंदरीकरण कराया जाएगा। कॉलोनी की सड़कें भी बनवाई जाएंगी।