Prayagraj Magh Mela 2021: प्रमुख स्नान पर्व मौनी अमावस्या निकट, श्रद्धालुओं की सुविधा को संगम में बढ़ाया गया स्नान घाट
Prayagraj Magh Mela 2021 मेला अधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि अब तक दस हजार फीट का घाट तैयार हो चुका है। घाट लंबा होने से फिजिकल डिस्टेंस का पालन होगा स्नान के लिए घाट पर मारामारी नहीं होगी। कल्पवासियों की सुविधा के लिए हर सेक्टर में वेंडिंग जोन हैं।
जेएनएन, प्रयागराज। मौनी अमावस्या पर्व को देखते हुए संगम पर स्नान घाट को और बढ़ा दिया गया है। माघ मेला क्षेत्र में अब सेक्टर तीन, चार और पांच में स्नान घाट बनाया गया है। इससे माघ मेला में आने वाले स्नानार्थियों को परेशानी नहीं होगी। इसके बनने से कल्पवासियों को बड़ी राहत मिली है और वह अपने कैंप के नजदीक ही स्नान करने लगे हैं।
इस बार मेला प्रशासन का दस हजार फीट लंबाई का घाट बनाना था, लेकिन मकर संक्रांति स्नान पर्व के बाद गंगा में जलस्तर बढऩे से घाट बनाने में परेशानी हुई। उस दौरान कई घाट बह भी गए थे। इसलिए पौष पूर्णिमा तक छह हजार फीट घाट ही तैयार हो सका था। वह स्नान पर्व किसी तरह बीत गया। उसमें भीड़ कम आने से मेला प्रशासन को राहत रही। लेकिन 11 फरवरी को मौनी अमावस्या है। इस स्नान पर्व पर लाखों की भीड़ आएगी। उसे देखते हुए मेला प्रशासन ने सेक्टर तीन, चार और पांच में घाट बनवा दिया है।
इन्हीं सेक्टरों में सबसे अधिक कल्पवासी रहते हैं। इन सेक्टरों में घाट बनने से उन्हें स्नान करने में आसानी हो रही है। मेला अधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि अब तक दस हजार फीट का घाट तैयार हो चुका है। घाट लंबा होने से फिजिकल डिस्टेंस का पालन होगा और स्नान के लिए घाट पर मारामारी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि कल्पवासियों की सुविधा के लिए हर सेक्टर में वेंडिंग जोन भी बनाए गए हैं। इसमें कल्पवासियों के जरूरत का सामान उपलब्ध है।