पूर्वी जोन पीएसी एथलेटिक्स में प्रयागराज का दबदबा Prayagraj News
20 किलोमीटर की पैदल चाल प्रतियोगिता में चतुर्थ वाहिनी प्रयागराज के खिलाड़ी तेज बहादुर राम सबसे आगे रहे। 37वीं वाहिनी के महेश सिंह द्वितीय और चतुर्थ वाहिनी के मदन तीसरे नंबर पर रहे।
प्रयागराज,जेएनएन : चतुर्थ वाहिनी पीएसी में चल रही एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन मेजबान टीम चतुर्थ वाहिनी धूमनगंज प्रयागराज के खिलाडिय़ों का दबदबा रहा। यहां के खिलाड़ी तेज बहादुर, मदन यादव, राम सिंह यादव व रामाश्रय यादव ने खेल भावना से दर्शकों का दिल जीत लिया। वाराणसी के खिलाडिय़ों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया।
बुधवार को पीएसी धूमनगंज में 20 किलोमीटर की पैदल चाल प्रतियोगिता हुई। इसमें चतुर्थ वाहिनी प्रयागराज के खिलाड़ी तेज बहादुर राम सबसे आगे रहे। 37वीं वाहिनी कानपुर के महेश सिंह द्वितीय और चतुर्थ वाहिनी के मदन यादव तृतीय स्थान पर रहे। चक्का फेंक में 34वीं वाहिनी भुल्लनपुर वाराणसी के राम छबीला प्रथम, 36वीं वाहिनी रामनगर वाराणसी के राजेश कुमार सिंह द्वितीय और जय प्रकाश तिवारी तृतीय रहे। 100 मीटर दौड़ में चतुर्थ वाहिनी के राम सिंह प्रथम, 12वीं वाहिनी फतेहपुर के शशि भूषण पांडेय द्वितीय और राहुल सिंह तृतीय रहे। डेढ़ किलोमीटर दौड़ में 12वीं वाहिनी के मुलायम यादव प्रथम, 34वीं वाहिनी के बीरबल द्वितीय और चतुर्थ वाहिनी के अभिषेक यादव तृतीय रहे। ऊंची कूद में 37वीं वाहिनी कानपुर के जयप्रकाश कुशवाहा प्रथम और गति कुमार तृतीय, जबकि 12वीं वाहिनी सुरेश कुमार दूसरे स्थान पर रहे। चार गुणे सौ मीटर रिले दौड़ में चतुर्थ वाहिनी की टीम के खिलाड़ी राम सिंह यादव, भवानी, अभिषेक और रामाश्रय यादव प्रथम रहे। इसमें दूसरे स्थान पर 12वीं वाहिनी की टीम के खिलाड़ी शशिभूषण, अभिमन्यु, अरुण, राहुल और तृतीय स्थान पर 20वीं वाहिनी आजमगढ़ के खिलाड़ी सर्वजीत, अंगद, अरविंद और विवेक रहे। प्रतियोगिता में राम कुमार, मोहम्मद युशुफ , धीरेंद्र बहादुर सिंह, हसन खां आदि निर्णायक मंडल में रहे। इस अवसर पर उपसेनानायक मोनिका चड्ढा, सहायक सेनानायक बीएल यादव, विनोद सिंह, मार्शल सुधीर कुमार सिंह आदि थे।