प्रयागराज के लोग हैं जागरूक, Coronavirus को हराने की कर ली है तैयारी, एक-दूसरे को दे रहे नसीहत
कोरोना संक्रमण से बचने के लिए हर कोई मास्क लगा रहा है। घर से निकलते समय हर कोई मास्क लगा रहा है। बाजारों में भी फिजिकल डिस्टेंसिंग का लोग पालन कर रहे हैं। महामारी से बचाव की नसीहत देने से भी लोग पीछे नहीं हटते।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण से हर कोई परेशान है। लोग भी यह समझ गए हैं कि बेवजह घरों से बाहर निकलना सीधे-सीधे खतरे का दावत देने के समान हैं। इसलिए लोग अब घरों में ही रहना मुनासिब समझ रहे हैं। बहुत जरूरी हुआ तभी लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। यही वजह है कि कोरोना संक्रमण का ग्राफ धीरे-धीरे नीचे आ रहा है।
मास्क, फिजिकल डिस्टेंसिंग का भी किया जा रहा पालन
कोरोना संक्रमण से बचने के लिए हर कोई मास्क लगा रहा है। घर से निकलते समय हर कोई मास्क लगा रहा है। बाजारों में भी फिजिकल डिस्टेंसिंग का लोग पालन कर रहे हैं। कोई अगर जबरन सामान की खरीदारी के लिए घुसने की कोशिश करता है तो कोई न कोई उसे टोक जरूर देता है। महामारी से बचाव की नसीहत देने से भी लोग पीछे नहीं हटते।
घर से निकलते समय सैनिटाइजर रखते हैं साथ
लोगों में बीमारी को हराने के लिए जबरदस्त तरीके से जागरुकता आई है। नियमों का पालन करने के साथ ही लोग अब अपनी जेब में सैनिटाइजर भी रखने लगे हैं। बीच-बीच में हाथों को सैनिटाइज कर लेते हैं। कोई भी वस्तु छूने से हिचकिचाते हैं।
जागरुकता ही बीमारी से बचाव का मुख्य अस्त्र
कोरोना संक्रमण से बचने के लिए जागरुकता ही मुख्य अस्त्र है। लोगों का कहना है कि कोरोना बीमारी से बचने के लिए जितनी भी गाइड लाइन जारी हुई है उसका सभी को पालन करना चाहिए। बीमारी को हराने के लिए यही मुख्य विकल्प है, इसलिए सभी को मास्क लगाने के साथ ही फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करना चाहिए।