Prayagraj Weather Update: प्रयागराज का बदला मौसम, घने बादलों ने बूंदाबांदी की, 24 घंटे में बारिश के हैं आसार
Prayagraj Weather Update मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विछोभ के कारण मौसम में यह अचानक से बदलाव देखने को मिल रहा है। 24 घंटे के भीतर बारिश के आसार हैं। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
प्रयागराज, जेएनएन। लगातार कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी पर लगाम लगी। आसमान पर छाए घने बादलों ने बूंदाबांदी की। आसमान पर अभी भी घने बादल छाए हैं और मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि प्रयागराज के यमुनापार के विभिन्न इलाकों में गुरुवार की शाम आंधी के साथ बारिश हुई। वहीं ग्रामीण इलाकों में आंधी से फसलों को भारी नुकसान भी हुआ। इससे किसानों के चेहरे पर चिंता की लहर है।
अचानक बादलों की वापसी ने गर्मी से राहत दी
अचानक बादलों की वापसी के साथ एक बार फिर मौसम के मिजाज में बदलाव हुआ है। नर्म हवाओं के बीच शुक्रवार को आसमान में बादल मंडराते दिखे। वहीं सुबह में बादलों की गर्जना के साथ बूंदाबांदी भी हुई। अचानक बदले मौसम ने लगातार बढ़ती गर्मी से राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विछोभ के कारण मौसम में यह अचानक से बदलाव देखने को मिल रहा है। 24 घंटे के भीतर बारिश के आसार हैं। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
जानें, प्रयागराज में आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस की उम्मीद
गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता की बात करें तो अधिकतम 58 और न्यूनतम 30 मापी गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक जाने के आसार हैं।
मौसम विज्ञानी ने यह कहा
मौसम विज्ञानी एआर सिद्दीकी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखा गया है। झमाझम बारिश के आसार तो नहीं है लेकिन बूंदाबांदी हो रही है। अप्रैल माह में मौसम में बदलाव देखे जाएंगे। इसी माह के आगामी दिनों में लू चलने के आसार हैं।