Prayagraj Weather Forecast : सुबह आसमान में कोहरा, दिन में राहत, कुछ दिन बाद पड़ेगी कड़ाके की ठंड
Prayagraj Weather Forecast समुद्र विज्ञानी व पर्यावरण के जानकार प्रो. शैलेंद्र रॉय ने बताया कि आगामी तीन दिन तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। बारिश की अभी कोई संभावना नहीं दिख रही है। दिसंबर के दूसरे सप्ताह से कड़ाके की ठंड देखने को मिल सकती है।
प्रयागराज, जेएनएन। दिसंबर का महीना शुरू हो चुका है। इस माह के पहले सप्ताह से ही मौसम ने अपना रंग दिखना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से सुबह हल्का कोहरा भी वातावरण में छाया रहता है। रात में गलन भरी ठंड भी अधिक हो रही है। अब जनपद के लोगों को कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ेगी। इसके लिए आप तैयार रहें। ऐसे में कोहरा भी घना हो जाएगा। मौसम विज्ञानी की मानें तो इस सप्ताह के अंत से ठंड बढ़ने के आसार हैं। बुधवार को शहर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। वहीं अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
आप भी जानिए कि मौसम विज्ञान विभाग क्या कहता है
मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार उत्तर भारत में इस बार अधिक कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है और शीत लहर चल सकती हैं। आइएमडी ने दिसंबर से फरवरी के लिए अपने सर्दियों के पूर्वानुमान में कहा कि उत्तर और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। रात का तापमान सामान्य से कम रह सकता है, वहीं दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं पश्चिमी तट और दक्षिण भारत में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
आइएमडी का यह है पूर्वानुमान
आइएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि आगामी सर्दी के मौसम (दिसंबर से फरवरी) में उत्तर, उत्तर पश्चिम, मध्य भारत के अधिकतर उपसंभागों में और पूर्वी भारत के कुछ उपसंभागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।
समुद्र विज्ञानी कहते हैं कि दिसंबर के दूसरे सप्ताह से पड़ेगी कड़ाके की ठंड
समुद्र विज्ञानी व पर्यावरण के जानकार प्रो. शैलेंद्र रॉय ने बताया कि आगामी तीन दिन तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। बारिश की अभी कोई संभावना नहीं दिख रही है। दिसंबर के दूसरे सप्ताह से कड़ाके की ठंड देखने को मिल सकती है।