Pratapgarh Road Accident : मरने वाले सभी नौ लोग सगाई में शामिल होने बिहार के भोजपुर जा रहे थे
Pratapgarh Road Accident मृतकों में दो की पहचान हुई है। इनमें बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गोसाईगंज के रहने वाले नंदलाल (45) व उनकी पत्नी मीना देवी (38) हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ के नवाबगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की भोर में हुई मार्ग दुर्घटना में मारे गए सभी नौ लोग एक ही परिवार के थे। वह बिहार राज्य के भोजपुर जिले के रहने वाले थे। वह राजस्थान के भिवाड़ी शहर से स्कार्पियो से घर जा रहे थे। बेटी की सगाई में शामिल होने सभी गांव जा रहे थे। हालांकि कुदरत को कुछ और मंजूर था। एक को गंभीर हाल में लखनऊ के लिए रेफर किया गया है।
सभी मृतक बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले
प्रतापगढ़ के नवाबगंज थाना क्षेत्र के वाजिदपुर में शुक्रवार की भोर में करीब साढे़ पांच बजे ट्रक और स्कॉर्पियो की सीधी भिड़ंत में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पांच पुरुष, तीन महिलाएं एक आठ वर्षीय बच्चा शामिल है। इनके साथ के एक व्यक्ति को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया है।
मरने वाले दो लोगों की हुई पहचान
ये सभी लोग स्कॉर्पियो से राजस्थान के भिवाड़ी शहर से बिहार के भोजपुर जिला जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक यह लोग बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। इनके शवों को स्कॉर्पियो से काटकर बाहर निकाला गया। मृतकों में अभी तक दो की पहचान हो पाई है। इसमें बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गोसाईगंज के रहने वाले नंदलाल (45) व उनकी पत्नी मीना देवी (38) हैं। यह दोनों अपनी बेटी की सगाई के लिए गांव जा रहे थे।
परिवार का एकमात्र भोला ही बचा है, लखनऊ रेफर
परिवार का सदस्य बंटी पासवान पुत्र भोला पासवान (35) ही बचा है। उसे लखनऊ में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इनके गांव के बहुत से लोग भिवाड़ी शहर में काम करते हैं। पुलिस द्वारा सूचना मिलते ही भोजपुर जिले से परिजन घटनास्थल के लिए चल दिए हैं। उनके आने के बाद ही अन्य मृतकों की शिनाख्त हो पाएगी। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
खुशियां चीत्कार में बदली
बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गोसाईगंज के रहने वाले नंदलाल (45) व उनकी पत्नी मीना देवी (38) की बेटी की सगाई होने वाली थी। इसीलिए परिवार के सभी सदस्य स्कार्पियो से अपने गांव जा रहे थे। हरियाणा के भिवाड़ी शहर से निकलते समय जरूर उनमें खुशी की लहर होगी। हालांकि प्रतापगढ़ में हादसे के बाद सब खुशी समाप्त हो गई।