पुलिस टीम पर हमला, दारोगा को दांत काट लिया, प्रतापगढ़ में हिस्ट्रीशीटर ने किया फायर
हिस्ट्रीशीटर के घर के बाहर उसके पिता पृथ्वीपाल यादव मिल गए। उनसे राजेश के बारे में टीम पूछताछ कर रही थी। इसी बीच घर के अंदर से निकले राजेश ने तमंचा तानकर पुलिस पर फायर झोंक दिया। बगल हट जाने से एसआइ मुसाफिर यादव बाल-बाल बच गए।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ में हिस्ट्रीशीटर के घर उसकी गतिविधियों का सत्यापन करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। हिस्ट्रीशीटर और परिवार ने ईंट-पत्थर चलाए औऱ दारोगा पर भी फायरिंग भी कर दी। गनीमत रही कि दारोगा बाल-बाल बच गयाष महिला ने दारोगा को दांत काट लिया। किसी तरह पुलिसवाले वहां से भागे। खबर पाकर पुलिस फोर्स पहुंची और छापेमारी की। घायल दारोगा का इलाज कराया गया।
घर के बाहर थी पुलिस टीम तभी कर दिया गया पथराव
शनिवार दोपहर करीब एक बजे जेठवारा के एसआइ शेषनाथ सिंह हमराहियों के साथ पतुलकी गांव के हिस्ट्रीशीटर राजेश यादव के घर सत्यापन करने जा रहे थे। रास्ते में मिले एसआइ मुसाफिर यादव को भी साथ ले लिया। हिस्ट्रीशीटर के घर के बाहर उसके पिता पृथ्वीपाल यादव मिल गए। उनसे राजेश के बारे में टीम पूछताछ कर रही थी। इसी बीच घर के अंदर से निकले राजेश ने तमंचा तानकर पुलिस पर फायर झोंक दिया। बगल हट जाने से एसआइ मुसाफिर यादव बाल-बाल बच गए। उसके बाद घर से निकली राजेश की मां सीता देवी ने उनको दांत से काटकर घायल कर दिया और शोर मचाने लगी। इतने में गांव के लोग भी पहुंच गए।
इसके बाद अपराधी व उसके परिवार के साथ गांव के लोगों ने मिलकर पुलिस पार्टी पर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इस पर पुलिस वाले वहां से अपनी जान बचाकर भागे। किसी की पीठ पर पत्थर लगा तो किसी के हाथ पैर में। घायल दारोगा मुसाफिर यादव को चिकित्सक के पास ले जाया गया। सीओ सदर विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि घायल हमले के आरोप में एचएस राजेश यादव, उसके पुत्र आकाश यादव, मां सीता देवी, बेटियों कोमल, निधि व पिता पृथ्वीपाल यादव पर नामजद व 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।