Prakash Parva of Guru Nanak : हर ओर बह रही भक्ति की बयार, शबद-कीर्तन सुन निहाल हुए गुरु भक्त Prayagraj News
शहर के गुरुद्वारों ने सुबह से ही चहल-पहल बढ़ गई है। शबद-कीर्तन के साथ गुरु नानक देव की महिमा बखानी जा रही है। वहीं विविध आयोजनों की धूम है।
प्रयागराज, जेएनएन। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गुरु नानक देव का 550वां प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है। इस अवसर पर हर ओर आस्था और उल्लास का माहौल है। गुरुद्वारों ने भव्य आयोजन हो रहे हैं। गुरुद्वारों में गुरुवाणी का पाठ और शबद-कीर्तन की बयार बह रही है। सबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव की महिमा का बखान किया जा रहा है। इस भक्ति में गुरु भक्त गोता लगा रहे हैं।
सबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव की महिमा बखानी
यूं तो गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शहर में पिछले कुछ दिनों से कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। गुरुद्वारों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। गुरु भक्तों की भीड़ मत्था टेकने के लिए जुट रही है। इसी क्रम में प्रकाश पर्व के मुख्य दिन मंगलवार को गुरुद्वारा खुल्दाबाद में अखंड पाठ साहिब का आयोजन हो रहा था। मंगलवार की सुबह इसका समापन किया गया। इसके बाद से शबद-कीर्तन व अखंड साहिब पाठ का आयोजन हुआ। कथा और कीर्तन भी किया जा रहा है। वहीं कबीर पंथियों व रविदास पंथियों द्वारा गुरु नानक देव की महिमा बखानी जा रही है। इसमें गुरु भक्तों की भीड़ जुटी। वहीं अरदास लेने व मत्था टेकने के लिए भी लोगों में होड़ मची रही। साथ ही रक्तदान शिविर भी लगाया गया।
प्रकाश पर्व पर खुल्दाबाद गुरुद्वारा में गुरु नानक देव जी पर चित्र प्रदर्शनी
गुरु नानक देव जी के 550 वें प्रकाश पर्व के अवसर पर श्रीगुरु सिंह सभा खुल्दाबाद गुरुद्वारा के सभागार में चित्र प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया है। एनसीजेडसीसी व इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित चित्र प्रदर्शनी में कई जिलों के चित्रकारों ने कैनवास पर चित्र बनाए हैं। सभी चित्र गुरुनानक देव जी के जीवनकाल पर आधारित हैैं।
गुरु नानक प्रकाश पर्व का आयोजन
पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ गुरु नानक प्रकाश पर्व पर सिख समाज द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। गुरुद्वारों को भव्य तरीके से सजाया गया है। गोपाल मंदिर में जगन्नाथ भगवान का रथ उत्सव मनाया जा रहा है। सिख समुदाय की ओर से संकीर्तन शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसका शहरवासियों में आकर्षण रहता है।