Dhanteras 2019 : धनतेरस पर खरीदारी के लिए बाजार में उमड़ी भीड़ Prayagraj News
आज धनतेरस है। इस पर्व पर सबसे अधिक परंपरा के अनुसार बर्तनों की ही खरीदारी होती हैै। ऐसे में शहर का बर्तनों का सबसे बड़ा बाजार ठठेरी बाजार है। यहां बर्तनों की वेरायटी उपलब्ध है।
प्रयागराज, जेएनएन। दीपावली पर्व के अंतर्गत पहला मुख्य पर्व धनतेरस आज मनाया जा रहा है। पर्व पर शहर से बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। बर्तन से लेकर सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रानिक सामान, दो और चार पहिया वाहन की जमकर खरीदारी हो रही है। वहीं सजावटी सामानों की भी बिक्री हो रही है। सबसे अधिक इस पर्व पर बर्तनों की ही खरीदारी लोग शुभ के लिए करते हैं। ऐसी प्राचीन परंपरा में शामिल है। हम आपको बता दें कि अगर बर्तनों की सही क्वालिटी और वेरायटी आपको देखनी है तो ठठेरी बाजार पहुंचें। चौक इलाके में ठठेरी बाजार सिर्फ बर्तनों के लिए ही है। यहां यूं तो साल भर बर्तन बिकते हैं लेकिन धनतेरस को ग्राहकों के लिए खास इंतजाम रहता है।
पीतल, स्टील एल्युमिनियम और तांबा के बर्तन उपलब्ध
शहर में बर्तनों के सबसे बड़े बाजार ठठेरी बाजार में खास तौर से चार प्रकार की धातुओं पीतल, स्टील, एल्यूमिनियम और तांबा के बर्तन उपलब्ध हैं। वाहनों की तरह कई दुकानों में पुराने बर्तनों के लिए एक्सचेंज ऑफर भी ग्राहकों के लिए हैं। हालांकि, धनतेरस पर यह ऑफर नहीं रहेगा। स्टील के रेट में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 35-40 रुपये प्रति किग्रा. तक की वृद्धि हुई है। अन्य धातुओं के बर्तनों में बढ़ोतरी नहीं हुई है।
हो रही बर्तनों की खरीदारी
बहरहाल, काफी समय से सुस्त पड़े बर्तन बाजार में खरीदारी के लिए लोग निकलने लगे हैं, पर भारी के बजाय हल्के बर्तनों को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। थोक कारोबारी विवेक रस्तोगी बताते हैं कि पिछले वर्ष की तुलना में फिलहाल इस बार बाजार करीब 40 फीसद तक कमतर है, लेकिन धनतेरस में कारोबार उठने की पूरी उम्मीद है। वह बताते हैं कि जरूरत के मुताबिक लोग बर्तन खरीद रहे हैं। थोक कारोबारी अनिल कुमार का कहना है कि ऑनलाइन कारोबार ने रिटेल व्यापार को लगभग 30 से 35 फीसद तक प्रभावित किया है। वह बताते हैं कि बड़े बर्तनों के बजाय लोग थाली, गिलास, डिब्बे आदि खरीद रहे हैं।
30 से 40 करोड़ का होता था कारोबार
बर्तन के व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि हर वर्ष धनतेरस और दीपावली पर करीब 30 से 40 करोड़ रुपये का कारोबार होता था। इस बार उस हिसाब से कारोबार तेज नहीं हुआ है लेकिन धनतेरस पर बिक्री अधिक होने की उम्मीद भी जताई है।
धातु का नाम- रेट (रुपये प्रति किग्रा.)
स्टील- 150 से 400
पीतल - 450 से 600
एल्युमिनियम - 180 से 280
तांबा - 450 से 750
लुभा रहे डिजायनर आभूषण
धनतेरस पर आभूषणों की सबसे अधिक बिक्री होती है। सराफा बाजार में दुकानों की सजावट बता रही है कि दुकानदार कारोबार को लेकर खासे उत्साहित हैं। दुकानों में एक से एक डिजायनर और महंगे आइटम लोगों को लुभाने के लिए मौजूद हैं। प्लेटिनम व डायमंड ज्वैलरी के साथ बच्चों से लेकर उम्रदराज महिलाओं तक की पसंद के सोने और चांदी जेवर तथा चांदी के सिक्के भी उपलब्ध हैं।
उम्मीदों से ऑटोमोबाइल सेक्टर
आटोमोबाइल सेक्टर का कारोबार भी करोड़ों रुपये होने का अनुमान है। हर एक शोरूम पर विभिन्न स्कीम, लोन सुविधा व ऑफर भी ग्राहकों को दिए जा रहे हैं। दो पहिया वाहन की अधिक और कारों की औसत बिक्री होने का अनुमान है। तमाम लोगों ने वाहनों की बुकिंग कई दिन पहले से करा रखी है।
दो और चार पहिया वाहनों की बुकिंग (लगभग में)
-1600 चार पहिया गाडिय़ां
-5200 दुपहिया गाडिय़ां
-410 बुलेट मोटरसाइकिल
एलईडी टीवी खास पसंद
इलेक्ट्रानिक सामानों का कारोबार भी करोड़ों रुपये का होगा। लोगों की खास पसंद एलईडी टीवी है, जबकि महिलाएं वाशिंग मशीन को ज्यादा तरजीह दे रही हैं। फ्रिज, माइक्रोवेव ओवन एवं अन्य सामान इसके बाद लोगों की प्राथमिकता में है। घरों में रोशनी के लिए चाइनीज झालर और झूमर पर ग्राहकों का ज्यादा जोर है।
फर्नीचर व कपड़ा बाजार मेंं भी रौनक
रेडीमेड कपड़े की दुकानों पर युवाओं की भीड़ ज्यादा है। ब्रांडेड जींस, शर्ट उन्हें अधिक भा रही है। बेडशीट, पर्दे, तकिया आदि भी लोग खूब खरीद रहे हैं। फर्नीचर में सोफे, डायनिंग टेबल, दीवान आदि ज्यादा खरीदे जा रहे हैं।