Allahabad University के विजयनगरम् हॉल पर जारी किया जाएगा डाक कवर, ऐतिहासिक हॉल का लोकार्पण करेंगी राज्यपाल
इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (इविवि) के विज्ञान संकाय स्थित ऐतिहासिक विजयनगरम़् हॉल पर चार मार्च को डाक विभाग की तरफ से तैयार विशेष डाक कवर जारी किया जाएगा। इस कवर को इविवि की चीफ रेक्टर और प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल जारी करेंगी।
प्रयागराज, जेएनएन। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (इविवि) के विज्ञान संकाय स्थित ऐतिहासिक विजयनगरम़् हॉल पर चार मार्च को डाक विभाग की तरफ से तैयार विशेष डाक कवर जारी किया जाएगा। इस कवर को इविवि की चीफ रेक्टर और प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल जारी करेंगी। साथ ही वह जीर्णोद्धार कराए गए हॉल का लोकार्पण भी करेंगी। इसे इविवि प्रशासन और छात्र-छात्राएं एक बड़ी उपलब्धि और गौरव की बात मान रहे हैं। सबको अब राज्यपाल के आगमन का शिद्दत से इंतजार है।
कामधेनु चेयर की पहचान के लिए गाय-बछड़े की प्रतिमा स्थापित
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रोफेसर एनके शुक्ल ने बताया कि विज्ञान संकाय स्थित विजयनगरम् हॉल में गौतम बुद्ध की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। इसके अलावा विश्वविद्यालय में शीघ्र खुलने वाले कामधेनु चेयर के लिहाज से गायों के संरक्षण की भावना को दर्शाती एक गाय और बछड़े की जोड़ी की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। हॉल में राष्ट्रीय आंदोलन से जुड़े व विश्वविद्यालय से जुड़ी विभूतियों के चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है। प्रो. शुक्ल ने बताया कि हॉल के मीनार रोशनी से सजाकर फोकस लाइट से उभारा जाएगा। पुनरुद्धार के बाद विजयनगरम् हॉल की सुंदरता को और बढ़ाने के लिए विज्ञान संकाय परिसर का भी सुंदरीकरण किया जा रहा है। विश्वविद्यालय का थार्नहिल रोड स्थित गेट को कुलपति प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव ने खुलवा दिया। यह गेट लंबे अरसे से बंद था। अब इससे शिक्षकों को आवागमन में कोई दिक्कत नहीं होगी। हॉल के फव्वारों को दोबारा चलाया जा रहा है और बागवानी में सुंदरीकरण का कार्य भी जोर शोर से चल रहा है।