इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक के चुनाव के लिए प्रयागराज से आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
पिछले कई दिनों से जिले भर में चुनाव प्रचार जोरशोर से चल रहा था रविवार की शाम पांच बजे थम गया। वहीं चुनाव कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार की सुबह आठ बजे से मैरी लूकस स्कूल से पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएगी।
प्रयागराज, जेएनएन। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव का प्रचार रविवार की शाम पांच बजे थम गया। अब मंगलवार को जिले भर के 46 मतदान केंद्रों पर वोटिंग कराई जाएगी। चुनाव कराने के लिए सोमवार की सुबह पोलिंग पार्टियां रवाना हो रही हैैं। वहीं डीएम ने मतदान केंद्रों को 30 नवंबर और एक दिसंबर के लिए अधिग्रहण का आदेश जारी कर दिया है।
चुनाव में 16 प्रत्याशी मैदान में
दस जिलों के बीच होने वाले इस चुनाव में 16 प्रत्याशी मैदान में है। इसमें से नौ प्रत्याशी प्रयागराज के ही है और इसी जिले में सबसे ज्यादा वोटर भी है। इसलिए इस जिले के वोटर जिधर धूम जाएंगे, उसकी जीत पक्की है। पिछले कई दिनों से जिले भर में चुनाव प्रचार जोरशोर से चल रहा था, रविवार की शाम पांच बजे थम गया था। वहीं चुनाव कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार की सुबह आठ बजे से मैरी लूकस स्कूल से पोलिंग पार्टियां रवाना की जा रही हैं। जिले भर में 46 मतदान केंद्रों पर 116 बूथ बनाए गए हैं। हर बूथ पर चार-चार मतदान कर्मी लगाए गए हैं।
464 मतदान कर्मी पोलिंग बूथ लिए रवाना हो रहे
सोमवार सुबह बैलेट बाक्स लेकर 464 मतदान कर्मी पोलिंग बूथ लिए रवाना होंगे। इनको जिला प्रशासन की ओर से मुहैया कराए वाहन से ही जाना होगा। सभी बूथों के लिए एक-एक माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं। एडीएम सिटी अशोक कनौजिया ने बताया कि चुनाव के बाद शाम को मैरी लूकस स्कूल परिसर में बैलेट बाक्स जमा कराए जाएंगे। फिर यहां से कड़ी सुरक्षा के बीच उसे झांसी भेजा जाएगा।