कौशांबी में पुलिस ने पीडि़ता को भगा दिया था अब कोर्ट के आदेश पर लिखा दुष्कर्म का केस
कड़ाधाम इलाके की एक महिला ने बताया कि 19 अगस्त को वह घर पर अकेली थी। परिवार के लोग खेत की तरफ गए थे। इस बीच गांव का ही एक युवक दीवार फांदकर घर में घुस गया। उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई की।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के कौशांबी करीब तीन महीने कड़ा धाम इलाके की पुलिस ने महिला के साथ दुष्कर्म की घटना में कोई कार्रवाई नहीं की और पीडि़ता को टरका दिया था। अब अदालत का आदेश मिलने पर गांव में महिला के साथ दुष्कर्म करने व उलाहना देने पर मारपीट करने वाले चार आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। कोर्ट के आदेश पर एफआइआर दर्ज कर पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। अब पीडि़ता को उम्मीद है कि उसे जल्द न्याय मिल सकेगा।
घर में अकेली थी तभी हमला
कड़ाधाम इलाके की एक महिला ने बताया कि 19 अगस्त को वह घर पर अकेली थी। परिवार के लोग खेत की तरफ गए थे। इस बीच गांव का ही एक युवक दीवार फांदकर घर में घुस गया। उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई की। किसी तरह चंगुल से छूटी महिला ने शोर मचाया तो पड़ोसियों ने ललकारा। इस पर युवक धमकी देते हुए भाग निकला। घर पहुंचे परिवार वालों से महिला ने आपबीती सुनाई।
पुलिस ने नहीं दिया था ध्यान
उलाहना देने गए स्वजनों को भी युवक व उसके परिवार के लोगों ने पीटा। शिकायत के बावजूद न तो थाने में कार्रवाई हुई और न ही आला अफसरों ने सुनवाई की। इस पर पीडि़ता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश मिलने पर पुलिस ने चार नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा लिखकर जांच शुरू कर दी है।