पेट्रोप पंप कर्मी की रंजिश से खुलेगा लूट का राज Prayagraj News
पुलिस का मानना है कि कर्मचारी से सच्चाई और उसकी रंजिश का पता लगते लूट का राज सामने आ सकता है। इस बिंदु पर भी पुलिस छानबीन कर रही है। सीसीटीवी फुटेज से भी कुछ सुराग मिलने की उम्मीद है। लूटपाट करने वाले बदमाशों ने गमछे से चेहरा ढंका था।
प्रयागराज,जेएनएन। आमतौर पर बदमाश लूट करते वक्त किसी से ऐसा नहीं कहते हैं कि यही था मारो इसको। मगर खुल्दाबाद में सवा दो लाख रुपये की लूट करने वाले बदमाशों ने ऐसा कहा था। इतना ही नहीं, मैनेजर को एक थप्पड़ नहीं मारा और दूसरे कर्मचारी को जमकर पीटा। अब पुलिस उस कर्मचारी की रंजिश का पता लगा रही है कि आखिर किन लोगों ने कर्मचारी को पहले निशाना बनाया और फिर रकम लूट ले गए। पुलिस का मानना है कि कर्मचारी से सच्चाई और उसकी रंजिश का पता लगते लूट का राज सामने आ सकता है। इस बिंदु पर भी पुलिस छानबीन कर रही है। सीसीटीवी फुटेज से भी कुछ सुराग मिलने की उम्मीद है। लूटपाट करने वाले बदमाशों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था। रात और घटनास्थल पर अंधेरा होने के कारण कर्मचारी बदमाशों की बाइक का नंबर भी नहीं देख सके थे।
यह था मामला
सिविल लाइंस निवासी भाजपा नेता दिवाकर नाथ त्रिपाठी का खुल्दाबाद के करबला तिराहे के पास पेट्रोल पंप है। पंप पर सिविल लाइंस के तेज बहादुर सप्रू मार्ग निवासी राकेश शर्मा बतौर मैनेजर कार्यरत हैं। जबकि करेंहदा करेली निवासी राहुल सिंह कर्मचारी है। बुधवार रात 11 बजे के बाद पेट्रोल पंप बंद हुआ तो दोनों कर्मचारी दो लाख 25 हजार आठ सौ रुपये लेकर बाइक से दिवाकर नाथ त्रिपाठी के घर जा रहे थे। खुशरोबाग के पास स्थित एक स्कूल के पास पहुंचे, तभी दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। कर्मचारी कुछ समझ पाते इससे पहले ही पीछे बैठे राहुल पर बदमाशों ने हमला बोल दिया और लूट कर भाग निकले।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
लूटपाट की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी और कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। एसपी सिटी दिनेश कुमार का कहना है जांच की जा रही है। जल्द ही लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा।