अतीकी के करीबी प्रधान का दामाद रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार Prayagraj News
अब्दुल रहीम ने चार दिसंबर को धूमनगंज थाने में मरियाडीह के आबिद प्रधान पोंगहट पुल निवासी सगे भाइयों जैद जाफर जसीम जैद के बहनोई अरकम के खिलाफ मुकदमा लिखाया था।
प्रयागराज,जेएनएन। क्राइम ब्रांच ने धूमनगंज में दो महीने पहले जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश और रंगदारी मांगने के आरोपित अपराधी जैद को गिरफ्तार किया है। उसे जेल भेज दिया गया है।
जैद की अतीक अहमद से हो गई थी खुन्नस
जैद जेल में बंद पूर्व सांसद अतीक के करीबी आबिद प्रधान का दामाद है। मगर जैद से अतीक की खुन्नस है। जैद ने अतीक का एक आडियो भी वायरल किया था। पोंगहट पुल के पास रहने वाले 90 वर्षीय अब्दुल रहीम ने चार दिसंबर को धूमनगंज थाने में मरियाडीह के आबिद प्रधान, पोंगहट पुल निवासी सगे भाइयों जैद, जाफर, जसीम, जैद के बहनोई अरकम के खिलाफ मुकदमा लिखाया था।
दो आरोपितों को पुलिस पहले ही भेज चुकी है जेल
रहीम का आरोप है कि आबिद प्रधान उनकी जमीन पर कब्जा करने की फिराक में है। तीन दिसंबर को रहीम अपने नाती के साथ जमीन पर गए थे तभी जैद, जफर, जसीम, राहुल सिंह, अरकम असलहे लेकर आ गए। उन लोगों ने कहा कि आबिद ने जमीन छोडऩे के लिए कहा है तो यहां क्यों आए हो। यह भी कहा कि आबिद ने 25 लाख रुपये मांगे थे। अब तक पहुंचाया क्यों नहीं। रहीम के विरोध करने पर उन पर फायर कर दिया। नाती साकिब की मदद से रहीम की जान बची। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग उधर दौड़े तो हमलावर धमकी देते भाग गए। मुकदमा लिखकर पुलिस ने दो आरोपितों को घटना वाले दिन ही गिरफ्तार कर लिया था। अब इस मुकदमे में जैद को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर धूमनगंज पुलिस के हवाले कर दिया। उसे जेल भेजा गया है।