दुश्मन न करे दोस्त ने वो कारनामा कर दिया, प्रतियोगी छात्र के कत्ल में उसके मित्र को किया पुलिस ने गिरफ्तार
सोरांव थाना क्षेत्र में प्रतियोगी छात्र भास्कर सरोज की हत्या उसके दोस्त अर्जुन पटेल ने की थी। कत्ल की वजह पैसे का विवाद बना। झगड़ा बढऩे पर अर्जुन ने अपने साथियों को बुलाया और फिर सभी ने मिलकर कुल्हाड़ी से उसे मौत के घाट उतार दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। सोरांव थाना क्षेत्र में प्रतियोगी छात्र भास्कर सरोज की हत्या उसके दोस्त अर्जुन पटेल ने की थी। कत्ल की वजह पैसे का विवाद बना। झगड़ा बढऩे पर अर्जुन ने अपने साथियों को बुलाया और फिर सभी ने मिलकर कुल्हाड़ी से उसे मौत के घाट उतार दिया। सोरांव पुलिस ने मुख्य आरोपित अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथियों की तलाश चल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।
नौकरी के नाम पर कई लोगों से लिया था पैसा
नवाबगंज के सारी का पूरा कस्तूरीपुर गांव निवासी किसान अयोध्या प्रसाद का बेटा भास्कर फाफामऊ में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। गांव में मकान बन रहा था, इसलिए वह अक्सर आया-जाया करता था। शनिवार रात भास्कर मजदूरों को बुलाने के लिए घर से निकला, इसके बाद वापस नहीं आया। फोन भी बंद था। देर रात घरवालों को पुलिस के जरिए पता चला कि उसकी हत्या कर दी गई है। इससे इलाके में खलबली और परिवार में मातम छा गया। रविवार सुबह पुलिस ने छात्र के मोबाइल की डिटेल खंगाली तो कुछ सुराग मिला। इसके बाद अर्जुन समेत पांच संदिग्ध युवकों को उठाकर कड़ाई से पूछताछ हुई तो घटना का पर्दाफाश हो गया। युवकों ने बताया कि नवाबगंज के देवापुर गांव निवासी अर्जुन पुत्र राम नरेश ने भास्कर को पैसा दिया था। भास्कर पैसा लेकर नौकरी दिलाने का काम भी करता था। एक साल पहले अर्जुन ने भास्कर से कुछ युवकों को मिलवाया था। आरोप है कि उसने लाखों रुपये ले लिए, लेकिन किसी को नौकरी नहीं दिलवा सका। एक परीक्षा भी रद्द हो गई थी, जिसके बाद अर्जुन से उसके साथी पैसा मांगने लगे। अर्जुन ने भास्कर से पैसा देने के लिए कहा तो इसको लेकर उनके बीच झगड़ा हो गया। अर्जुन ने शनिवार रात भास्कर को फोन करके सोरांव बुलाया और फिर कुल्हाड़ी से हमलाकर हत्या कर दी। फिलहाल एसपी गंगापार धवल जायसवाल का कहना है कि हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त अर्जुन है, उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसके साथियों की तलाश चल रही है। भास्कर के बैग से कई युवाओं की मार्कशीट व दूसरे कागजात मिले हैं, जिसके आधार पर जांच की जा रही है।