न्यायमूर्ति के घर से मोबाइल और पिस्टल चुराकर भाग आया था प्रयागराज, पुलिस ने दबोचा
लखनऊ में रहने वाले एक न्यायमूर्ति के घर में उत्तम गिरि चकिया निवासी विशाल गिरि पुत्र पुरुषोत्तम लाल गिरि बतौर नौकर रहता था। कुछ दिन पहले वह न्यायमूर्ति के घर से दो मोबाइल फोन और लाइसेंसी पिस्टल चोरी कर भाग निकला था।
प्रयागराज, जेएनएन। लखनऊ में एक न्यायमूर्ति के घर से दो मोबाइल और लाइसेंसी पिस्टल चोरी करने वाले को शख्स को पुलिस ने थरवई के उत्तम गिरि की चकिया से गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ ही उसके भाई को भी पकड़ा गया है। इनके पास से चोरी के मोबाइल और पिस्टल बरामद की गई है। दोनों को लखनऊ पुलिस साथ ले गई है। चोरी की घटना में लखनऊ के ही हजरतगंज थाने में पिछले दिनों मुकदमा लिखा गया था।
लखनऊ पुलिस केस लिखकर जुटी थी तलाश में
लखनऊ में रहने वाले एक न्यायमूर्ति के घर में उत्तम गिरि चकिया निवासी विशाल गिरि पुत्र पुरुषोत्तम लाल गिरि बतौर नौकर रहता था। कुछ दिन पहले वह न्यायमूर्ति के घर से दो मोबाइल फोन और लाइसेंसी पिस्टल चोरी कर भाग निकला था। जब वह नहीं लौटा तो उसके खिलाफ हजरतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। न्यायमूर्ति के घर का मामला होने के कारण पुलिस ने चोरी करने वाले शख्स की गिरफ्तारी के लिए जोर लगाया।
पुलिस ने सख्ती की तो निकाला चोरी का माल
हजरतगंज पुलिस ने विशाल के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि वह प्रयागराज जनपद में थरवई क्षेत्र का रहने वाला है। इतना पता लगाने के बाद लखनऊ पुलिस थरवई थाने पहुंची। थाना प्रभारी योगेश प्रताप सिंह के साथ विशाल के घर पर दबिश दी गई। घर में विशाल मिल गया। पुलिस ने उसके भाई को पकड़ लिया। पहले तो विशाल चोरी से इन्कार करता रहा। पुलिस ने सख्ती की तो उसने चोरी की बात कुबूल ली। इनकी निशानदेही पर घर में छिपाकर रखे गए दोनों मोबाइल फोन और लाइसेंसी पिस्टल को पुलिस ने बरामद कर लिया। उन दोनों को थाने लाकर पूछताछ की गई। थाना प्रभारी थरवई योगेश प्रताप सिंह का कहना है कि मामला लखनऊ का है, इसलिए वहां की पुलिस दोनों को साथ लेकर चली गई है। उन दोनों को लखनऊ की कोर्ट में पेश किया गया है।