Lockdown में बिना मास्क सड़क पर निकले 36 गिरफ्तार, 42 वाहनों का चालान Prayagraj News
बिना मास्क लगाकर सड़कों पर दिखाई देने वाले 36 लोगों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। वहीं जिले के विभिन्न चौराहों व तिराहों पर वाहन चेकिंग की गई है।
प्रयागराज, जेएनएन। पडोसी जनपद कौशांबी में कोरोना वायरस की चेन तोडऩे के लिए लगाए गए लॉकडाउन के बावजूद मास्क न लगाने वाले 36 लोगों को जिले की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। हालांकि बाद में मुचलके पर छोड़ दिया गया। इतना ही नहीं, चेकिंग अभियान चलाकर 42 गाडिय़ों का भी पुलिस ने चालान कर समन शुल्क भी वसूल किया।
बिना वजह घर से निकले लोगों के वाहनों का चालान
लॉकडाउन को लेकर लोगों के घरों से निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जरूरी कार्य से ही लोग अपने घर के बाहर निकलेंगे। ऐसी अपील जिले के प्रशासनिक अफसर लोगों से कर रहे हैं। इसके बावजूद तमाम लोग बेवजह घर से बाहर निकल रहे हैं। मास्क का भी प्रयोग नहीं कर रहे हैं। ऐसे में जिले की पुलिस ने अब कड़ाई से अनुपालन कराना शुरू कर दिया है। बिना मास्क लगाकर सड़कों पर दिखाई देने वाले 36 लोगों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। वहीं जिले के विभिन्न चौराहों व तिराहों पर वाहन चेकिंग करते हुए पुलिस ने कुल 101 गाडिय़ों को रोका। इनमें 42 वाहनों का चालान ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर करते हुए पांच सौ रुपये समन शुल्क वसूल किया गया।
लॉकडाउन 2.0 में सख्ती, आइजी ने रोके वाहन
प्रयागराज जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए बुधवार से लागू लॉकडाउन 2.0 में पुलिस पहले से ज्यादा एक्शन मोड़ में है। यह लॉकडाउन निर्णायक माना जा रहा है। ऐसे में पूरी पुलिस-प्रशासनिक मशीनरी को ज्यादा सक्रियता और चौकसी के साथ लॉकडाउन के पालन के लिए कहा है। निर्देशों का नतीजा है कि सिपाही से आइजी तक सक्रिय दिखे। जनपद की सीमाओं और बैरियर पर सघन चेकिंग तो शहर में जगह-जगह नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई।
बिना वजह घर से निकले लोगों को पुलिस ने भेजा वापस घर
बेवजह सड़क पर निकलने वालों को पुलिसकर्मी वापस घर भेजते रहे। मेडिकल इमरजेंसी में घर से निकले लोगों को ही जाने दिया जा रहा था। हिम्मतगंज में कुछ दूर स्थित राशन की दुकान से चावल लेकर लौट रहे रजत सोनकर की स्कूटी रोककर पुलिस ने जबरन हेलमेट नहीं लगाने का चालान कर दिया। दोपहर में सिविल लाइंस इलाके में आइजी रेंज केपी सिंह ने भी कई स्थानों पर खुद सड़़क पर खड़े होकर गाडिय़ां रोकी और घर से बाहर आने की वजह पूछी। बिना जरूरी वजह घर से निकले लोगों की गाड़ी का चालान भी कराया।