जन्मदिन पर पीएम नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना, काटे केक Prayagraj News
उल्लास के साथ पीएम नरेंद्र मोदी का भाजपाइयों ने जन्मदिन मनाया। अस्पतालों में मरीजों में फल वितरित किए गए तो केक काटा गया। मंदिरों में प्रसाद अर्पित कर गरीबों में वितरित किए गए।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के पुत्र योगेश मौर्य के नेतृत्व में सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर में 69 किलो लड्डू चढ़ाया। साथ ही केक काटा गया। यहां भंडारा भी हुआ। भाजपा महानगर के सभी मंडलों में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अस्पतालों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन
भाजपा पार्टी से जुड़े डॉक्टरों ने अपने-अपने अस्पतालों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए। पार्टी की ओर से कुष्ठ आश्रम, वृद्धाआश्रम, अस्पतालों में फल, मिठाई वितरण हुआ। इसी क्रम में उत्तर मध्य रेलवे की ओर से अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान किया। डीआरएम अमिताभ इलाहाबाद जंक्शन पर सफाई की गई। रेलवे कालोनी में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सफाई की। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में दोपहर में सेमिनार हुआ। साथ ही श्रमदान किया गया। नारीबारी, करछना, नैनी, झूंसी में भी स्वच्छता कार्यक्रम हुए।
एसआरएन अस्पताल में फल वितरित
देश की यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी का 69 वा जन्म दिवस फूलपुर की सांसद केसरी देवी पटेल समर्थकों के साथ स्वरूपरानी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने मरीजों का कुशलक्षेम पूछते हुए फल एवं बिस्किट का वितरण वार्डों में जाकर किया। वहीं कई गंभीर मरीजों को प्रधानमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद दिलाने की बात भी कही।
पीएम मोदी सच्चे जननायक : सांसद केशरी देवी
इस अवसर पर सांसद केसरी देवी पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक सच्चे जननायक होने के साथ ही एक सच्चे राष्ट्रनायक भी हैं। आज पूरा देश उनका जन्मदिन मना रहा है। उनके नेतृत्व में देश मजबूत हो रहा है और पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। आज पूरा विश्व भारत के साथ कन्धे से कन्धा मिलाकर खड़ा है और भारत विरोधी दुनिया में अलग थलग पड़ गए हैं। भारत दुनिया की बड़ी महाशक्ति बनने की ओर है। यह सब प्रधानमंत्री की कुशल नेतृत्व के कारण ही सम्भव हो सका है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर एसपी सिंह, पूर्व विधायक दीपक पटेल, पूर्व विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, अरुण अग्रवाल, सांसद के मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव, विजयलक्ष्मी सिंह, संगीता गोस्वामी, सत्या तिवारी, आरती राय, चंद्रिका पटेल, भूपेंद्र पांडेय, विजय पटेल, संदीप चौहान अमन वलेचा आदि उपस्थित रहे।