पीडीए ने कवियित्री महादेवी वर्मा की प्रतिमा चौराहे के सुंदरीकरण को हटाई Prayagraj News
तिराहे के सुंदरीकरण के चलते पीडीए ने प्रख्यात कवियित्री महादेवी वर्मा की प्रतिमा को हटवा दिया है। कांग्रेसी नेता ने इसका विरोध किया है। इसे कुछ दिन बाद प्रतिमा को लगा दी जाएगी।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयाग संगीत के सामने दशकों पहले लगाई गई कवियित्री महादेवी वर्मा की प्रतिमा को चौराहे का सुदरीकरण कराते वक्त प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने हटा दिया था। अभी यहां काम कराया जा रहा है। पीडीए के अधिकारी कहते हैं कि 10 दिन में महादेवी की प्रतिमा फिर से लगा दी जाएगी।
प्रयाग संगीत के सामने तिराहे पर महादेवी वर्मा की लगी थी प्रतिमा
दरअसल कुंभ के दौरान शहर भर में प्रयागराज विकास प्राधिकरण, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग ने सड़क और चौराहों का चौड़ीकरण कराया। जो काम बच गया था, उसे कुछ विभाग बाद में भी करते रहे। पिछले कुछ दिनों से प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से प्रयाग संगीत के सामने महादेवी वर्मा तिराहे पर सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। यहां सड़क का चौड़ीकरण होने के बाद प्रतिमा लगे रहने से तिराहे का एलाइनमेंट बिगड़ रहा था। इसलिए प्रतिमा को पांच दिन पहले यहां से हटा दिया गया है।
पीडीए के अधिशासी अभियंता ने बोला सुंदरीकरण के बाद प्रतिमा लगा दी जाएगी
पीडीए के अधिशासी अभियंता आरसी रावत ने बताया कि प्रतिमा को दूसरे स्थान पर सुरक्षित रखा गया है। अब तक यहां पर सुंदरीकरण का काम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 10 दिन में चौराहे का सुंदरीकरण कर लिया जाएगा। इसके बाद यहां पर प्रतिमा को दोबारा स्थापित किया जाएगा। इस बार प्रतिमा को बीचोबीच लगाया जाएगा। साथ ही इसे पहले से और बेहतर बनाया जा रहा है।
कांग्रेसी नेता बोले, महादेवी की प्रतिमा हटाया जाना बड़ा आघात
कांग्रेस पार्षद दल के नेता मुकंद तिवारी ने कहा कि कवियित्री महादेवी वर्मा की प्रतिमा को हटाया जाना संगम नगरी के लिए बड़ा आघात है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह कैसा सुंदरीकरण है, जिसकी आड़ में हमारी सांस्कृतिक विरासत को चोट पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयाग महिला विद्यापीठ और प्रयाग संगीत समिति के बीच कवियित्री महादेवी वर्मा की यह प्रतिमा नगरवासियों को निरंतर हमारी कला और संस्कृति के प्रति सजग रहने का संदेश देती थी। प्रतिमा का हटाया जाना साहित्य, कला और संस्कृति को गायब करने की साजिश है। उन्होंने जल्द प्रतिमा की पुनस्र्थापना की मांग की है।