अगले हफ्ते से महिला पॉलीटेक्निक परिसर में गाड़ी खड़ी करने पर लगेगा शुल्क Prayagraj News
दो घंटे तक चार पहिया खड़ी करने पर 20 रुपये और दो पहिया वाहन का 10 रुपये देना होगा। उसके बाद एक घंटे के लिए चार पहिया का 10 और बाइक का पांच रुपये अतिरिक्त शुल्क लगेगा!
प्रयागराज,जेएनएन : सिविल लाइंस में सरदार पटेल (एसपी) मार्ग स्थित महिला पॉलीटेक्निक परिसर में गाड़ी खड़ी करने वालों को अगले हफ्ते से पार्किंग शुल्क देना होगा। पार्किंग चलाने के लिए नगर निगम टेंडर जारी कर चुका है। 13 अक्टूबर को टेंडर खोला जाएगा। पार्किंग में दो घंटे तक चार पहिया खड़ी करने पर 20 रुपये और दो पहिया वाहन का 10 रुपये देना होगा। उसके बाद एक घंटे के लिए चार पहिया का 10 और बाइक का पांच रुपये अतिरिक्त शुल्क लगेगा।
सरदार पटेल मार्ग पर पार्किंग स्थल न होने के कारण यहां खरीदारी आदि करने आने वाले अपने वाहनों को सड़क पर ही खड़ा करते हैैं। इसकी वजह से जाम की भी समस्या होती है। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने नगर निगम और प्रयागराज विकास प्राधिकरण को महिला पॉलीटेक्निक परिसर में अस्थाई पार्किंग शुरू करने का निर्देश दिया था। नगर निगम ने 21 अक्टूबर से वहां पर पार्किंग शुरू कर दी, लेकिन पार्किंग को चलाने का ठेका नहीं हो पाया था।
नगर निगम ने निकाला टेंडर :
नगर निगम ने इसके लिए टेंडर निकाला। पहली बार में दो एजेंसियों ने ही टेंडर डाला। इसलिए निगम ने दोबारा टेंडर किया। अब टेंडर खोलने के बाद तीन दिन के भीतर पार्किंग चलाने का ठेका किसी एजेंसी को मिलने की संभावना है। अपर नगर आयुक्त मुशीर अहमद का कहना है कि हाई कोर्ट के आदेश पर ही महात्मा गांधी मार्ग पर पार्किंग शुरू की गई। वहां भी दो घंटे चार पहिया खड़ी करने पर 20 रुपये और दो पहिया का 10 रुपये लिया जाता है। शुल्क की यही दरें महिला पॉलीटेक्निक परिसर में भी लागू होंगी। इसके अलावा पीवीआर के सामने रामलीला मैदान में भी जल्द पार्किंग शुरू होगी। यहां पुरानी इमारतें गिराने के बाद अभी मलबा हटाया जा रहा है। पीडीए के अफसरों के मुताबिक यह जमीन फ्री होल्ड है सो जमीन के मालिक को ही पार्किंग के संचालन के लिए कहा गया है।