Panchayat Poll 2020 : त्रिस्तरीय चुनाव : त्रिस्तरीय चुनाव के लिए प्रयागराज में बिछने लगी है बिसात, गणेश परिक्रमा भी शुरू
Panchayat Poll 2020 प्रयागराज में त्रिस्तरीय पोल को लेकर गहमा-गहमी है। भावी दावेदार ग्रामीणों को लुभा रहे हैं। हालांकि अभी तक पंचायत चुनाव की तारीख नहीं घोषित हुई है लेकिन बड़े नेता भी इसमें गर्मजोशी से हिस्सा लेने लगे हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। त्रिस्तरीय चुनाव को लेकर माहौल गर्म होने लगा है। उम्मीदवारों ने भी लोगों की गणेश परिक्रमा शुरू कर दी है। इसे लेकर राजनीतिक दलों की भी सक्रिया बढ़ गई है। खासकर भाजपा ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने व सरकारी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कह दिया है। इसे लेकर पार्टी के उच्च स्तरीय पदाधिकारी भी क्षेत्र में निकल रहे हैं।
इसी कड़ी में पिछले दिनों उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री व उत्तर प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी बाबूराम निषाद प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने गंगापार, यमुनापार व महानगर के कार्यक्ताओं से भी बात की। सभी को प्रेरित किया कि अभी से चुनाव में जुट जाएं। उन्होंने आपसी मतभेद को भी खत्म करने का आग्रह किया। यमुनापार क्षेत्र में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी दल की रीढ़ होते हैं। वे खुद को न्यौछावर कर पार्टी को खड़ा करते हैं। समरस समाज का भी निर्माण कार्यकर्ता के जरिए ही संभव है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि बूथ, सेक्टर, मंडल और जिला के कार्यकर्ता आपस में बातचीत करते रहें। पंचायत चुनाव की जीत आगे के चुनाव की पटकथा लिखेगी। इसे सभी लोग गंभीरता से लें। पंचायत चुनाव की जीत से हम समाज के आखिरी व्यक्ति तक विकास पहुंचाने में भी सहायक होंगे।
जातिवादी मानसिकता को खत्म करें
भाजपा नेता ने सभी से आग्रह किया की जातिवादी मानसिकता को खत्म करें। कहीं भी जाति और वर्ग की बात न उभरे। हम सब को मिलकर समराज समाज बनाने का प्रयास करना है। पार्टी सभी जाति और धर्म के लोगों को त्रिस्तरीय चुनाव में मौका देगी।
पंचायत चुनाव के लिए जुटे बड़े नेता
अभी पंचायत चुनाव की तारीख नहीं घोषित हुई है लेकिन बड़े नेता भी इसमें गर्मजोशी से हिस्सा लेने लगे हैं। रविवार को जब प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बाबूराम निषाद यमुनापार क्षेत्र में पहुंचे तो सांसद केसरी देवी पटेल, जिलाध्यक्ष गंगापार अश्वनी दुबे, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव यमुनापार संयोजक शिवदत्त पटेल भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष यमुनापार विभवनाथ भारती, कानपुर मे संघ के व्यवस्था प्रमुख रहे विमल प्रकाश त्रिपाठी, सासंद प्रयागराज सम्पर्क प्रमुख संत प्रसाद पांडेय आदि मौजूद रहे।